भारत
मोबाइल मार्केट में पुलिस की रेड, Apple के नाम पर बिक रहा था ‘नकली माल’
jantaserishta.com
4 Oct 2026 8:17 AM IST

x
Apple के नाम पर बड़ा खेल.
मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर के सबसे बड़े मोबाइल मार्केट अप्सरा मार्केट में शनिवार शाम नगर थाना पुलिस ने कई दुकानों पर छापेमारी की. यह कार्रवाई Apple कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि की लिखित शिकायत के बाद की गई. शिकायत में कंपनी के नाम और डिजाइन का इस्तेमाल कर कथित डुप्लीकेट एक्सेसरीज बेचने का आरोप लगाया गया था.
पुलिस टीम ने मार्केट की कई दुकानों में तलाशी ली. कार्रवाई की भनक लगते ही कुछ दुकानदार अपनी दुकानें छोड़कर चले गए. तलाशी के दौरान मिले सामान को पुलिस ने जब्त कर लिया और थाने ले आई.
जब्त सामान में Apple के नाम और डिजाइन वाले कथित डुप्लीकेट चार्जर, केबल, बैक पैनल और मोबाइल कवर समेत कई एक्सेसरीज शामिल हैं. छापेमारी के बाद जब्त वस्तुओं का कंपनी प्रतिनिधियों से जांच और मिलान भी कराया गया.
कंपनी प्रतिनिधि की शिकायत के मुताबिक, Apple के ओरिजिनल बैक पैनल की कीमत करीब 15 से 22 हजार रुपये है. आरोप है कि इसके बजाय कथित डुप्लीकेट पैनल करीब 750 रुपये में मोबाइल फोन में लगाए जा रहे थे.
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि ग्राहकों को कंपनी के ओरिजिनल पैनल के नाम पर नकली या डुप्लीकेट बैक पैनल उपलब्ध कराए जा रहे थे. इसी तरह Apple के नाम और डिजाइन वाले मोबाइल कवर भी बेचे जाने की बात कही गई है.
इसके अलावा करीब 2200 रुपये कीमत वाले Apple के ओरिजिनल चार्जर और केबल की जगह 300 से 400 रुपये में कथित डुप्लीकेट सामान बेचने का आरोप लगाया गया है. पुलिस अब जब्त एक्सेसरीज की जांच के जरिए शिकायत में लगाए गए आरोपों की पड़ताल कर रही है.
पुलिस के मुताबिक, कंपनी की शिकायत में कॉपीराइट और ट्रेडमार्क के कथित उल्लंघन से जुड़ी जानकारी दी गई थी. इसी आधार पर दुकानों में तलाशी लेकर संबंधित सामान को कब्जे में लिया गया. नगर थानाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह ने बताया कि Apple कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि की ओर से लिखित शिकायत मिली थी. इसमें कंपनी की एक्सेसरीज के डुप्लीकेट सामान बेचे जाने की जानकारी दी गई थी. शिकायत के आधार पर अप्सरा मार्केट में छापेमारी की गई.
थानाध्यक्ष के अनुसार, कई दुकानों से सामान जब्त किया गया है. फिलहाल जब्त सामग्री की जांच कराई जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कथित डुप्लीकेट एक्सेसरीज कहां से मंगाई जाती थीं. इसके साथ ही ऐसे सामान की बिक्री में कितने दुकानदार और सप्लायर जुड़े हैं, इसकी जानकारी भी जुटाई जा रही है.
छापेमारी के दौरान कुछ दुकानदारों के मौके से चले जाने की भी जानकारी सामने आई है. पुलिस जब्त सामान और शिकायत में बताए गए तथ्यों का मिलान कर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस की कार्रवाई Apple प्रतिनिधि की शिकायत और बरामद सामान की जांच पर केंद्रित है. जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





