
x
तीन लीटर विदेशी शराब बरामद
Bihar बिहार: राजधानी पटना में शराबबंदी कानून के उल्लंघन का मामला सामने आया है। श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्र के राजापुर स्थित एक रिसॉर्ट में पुलिस ने छापेमारी कर अवैध रूप से शराब का सेवन करने के आरोप में रिसॉर्ट के प्रबंधक समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में करीब 10 युवक और एक महिला शामिल हैं। पुलिस ने मौके से तीन लीटर विदेशी शराब भी बरामद की है।
पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि राजापुर स्थित रिसॉर्ट में जन्मदिन की पार्टी आयोजित की जा रही है, जहां कुछ लोगों द्वारा शराब का सेवन किए जाने की आशंका है। सूचना की पुष्टि और आवश्यक कार्रवाई के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। इसके बाद वरीय अधिकारियों को सूचना देकर पुलिस टीम ने संबंधित रिसॉर्ट में पहुंचकर जांच की।
सत्यापन के दौरान रिसॉर्ट के एक कमरे में कुछ लोगों को शराब का सेवन करते हुए पाया गया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों की जांच की और विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए कुल 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सचिवालय-2) साकेत कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एसकेपुरी थाना क्षेत्र के एक रिसॉर्ट में जन्मदिन की पार्टी के दौरान कुछ लोग शराब पी रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। कमरे में कुछ लोग शराब का सेवन करते पाए गए और वहां से शराब की तीन बोतलें बरामद की गईं।
उन्होंने बताया कि रिसॉर्ट में मौजूद अन्य लोगों की भी विधिवत जांच की गई। इस दौरान एक-दो लोगों के पास हथियार होने की बात भी सामने आई है। हथियारों को थाने लाकर उनका सत्यापन किया जा रहा है और इस संबंध में भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शराब के नशे में पाए गए लोगों और जिनके कब्जे से शराब बरामद हुई है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। उल्लेखनीय है कि बिहार में तत्कालीन नीतीश कुमार सरकार ने अप्रैल 2016 में शराब की बिक्री, भंडारण और सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था।
Next Story





