भारत

शराब के नशे में मिला पुलिसकर्मी, मेडिकल जांच में पुष्टि के बाद केस दर्ज

jantaserishta.com
12 July 2026 3:20 PM IST
शराब के नशे में मिला पुलिसकर्मी, मेडिकल जांच में पुष्टि के बाद केस दर्ज
x
सोशल मीडिया पर एक पुलिसकर्मी का कथित तौर पर नशे की हालत में घूमने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मेडिकल जांच कराई.
पटना: बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद राजधानी पटना में एक पुलिसकर्मी के शराब के नशे में पाए जाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक पुलिसकर्मी का कथित तौर पर नशे की हालत में घूमने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मेडिकल जांच कराई। जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, यह मामला रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र के खेमनीचक इलाके का है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक पुलिसकर्मी संदिग्ध अवस्था में दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित जवान की पहचान विनोद राम के रूप में की। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंजन कुमार ने रविवार को बताया कि 11 जुलाई को सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जानकारी मिलने के बाद रामकृष्णानगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। संबंधित पुलिसकर्मी का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय भेज दिया गया।
उन्होंने बताया कि विनोद राम की ड्यूटी खेमनीचक टीओपी में लगी थी। ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह संदिग्ध अवस्था में पाए गए, जिसके बाद डायल-112 की टीम उन्हें लेकर थाने पहुंची। वहां से मेडिकल जांच कराई गई और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
बता दें कि बिहार में वर्ष 2016 से पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है। राज्य सरकार और पुलिस विभाग समय-समय पर अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और सेवन के खिलाफ विशेष अभियान चलाते रहे हैं। ऐसे में पुलिस विभाग के ही एक कर्मचारी का शराब सेवन करते हुए पकड़ा जाना विभाग के लिए गंभीर मामला माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शराबबंदी कानून के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story