
x
एफआईआर दर्ज
हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां जालसाजों ने आम लोगों के बजाय पुलिस विभाग को ही कथित तौर पर 52 लाख 51 हजार 672 रुपये का चूना लगा दिया। पुलिस थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए मुंबई की एक कंपनी को लाखों रुपये का भुगतान किया गया था, लेकिन छह महीने बीतने के बावजूद न तो कैमरे लगाए गए और न ही संबंधित उपकरणों की आपूर्ति हुई। मामले में शहर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, सरकारी खरीद पोर्टल GeM के माध्यम से मुंबई के अंधेरी ईस्ट स्थित फर्म लाइट फोर्स बिल्डिम्ट लिमिटेड को पुलिस थानों में सीसीटीवी कैमरे और अन्य जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके बदले कंपनी को 52,51,672 रुपये का भुगतान किया गया था। आरोप है कि भुगतान मिलने के बाद भी कंपनी ने निर्धारित काम पूरा नहीं किया।
प्रतिसार निरीक्षक यशवंत प्रताप सिंह की तहरीर के अनुसार, फर्म के संचालक अमित राय से कई बार संपर्क किया गया। हर बार उपकरणों की आपूर्ति को लेकर आश्वासन दिया गया, लेकिन छह महीने बाद भी सामान नहीं पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू की।
हरदोई के पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इस घटना के सामने आने के बाद सरकारी खरीद प्रक्रिया और भुगतान व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। बिना उपकरणों की आपूर्ति के इतनी बड़ी रकम का भुगतान कैसे हुआ, इसकी भी जांच आवश्यक मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही जिम्मेदारी और कथित वित्तीय अनियमितताओं की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Next Story





