पुलिस अधिकारी पर गैंगस्टर एक्ट, एनकाउंटर करने की धमकी देने का आरोप

यूपी। लोकसभा चुनाव के दौरान चेकिंग में मिले 50 लाख रुपये हड़पने वाले तत्कालीन चौकी इंचार्ज आलोक सिंह, उसके साथी प्रिंस श्रीवास्तव, मुकेश, प्रचंड प्रताप सिंह, विशाल तिवारी पर गैंगस्टर की कार्रवाई होगी। पुलिस अफसरों ने वर्दी को दागदार करने वालों पर भी अपराधियों जैसी ही कार्रवाई का मूड बनाया है और गैंगस्टर की फाइल तैयार कर ली गई है। खबर है कि पांचों आरोपितों पर जल्द ही गैंगस्टर का केस दर्ज कर लिया जाएगा।
दरअसल, तीन अप्रैल 2024 को बेनीगंज चौकी इंचार्ज रहे बलिया निवासी आलोक सिंह चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 50 लाख रुपये के साथ नवीन श्रीवास्तव नाम के शख्स को पकड़ा था। उसे एनकाउंटर का डर दिखाकर 50 लाख रुपये हड़प लिए। मामला एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर के संज्ञान में आया तो उन्होंने बेनीगंज चौकी प्रभारी आलोक सिंह को सस्पेंड कर दिया और तत्कालीन एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई को पूरे मामले की जांच सौंप दी थी। सीसी फुटेज सहित अन्य माध्यमों से की गई जांच के दौरान मामला सही पाया गया।
पुलिस ने चौकी इंचार्ज और उसके साथी राजेन्द्र नगर निवासी प्रिंस श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर उनके पास से 44 लाख रुपये बरामद कर लिया था। नवीन श्रीवास्तव की तहरीर पर कोतवाली थाने में चौकी इंचार्ज आलोक सिंह और उसके साथी प्रिंस श्रीवास्तव तथा तीन अज्ञात के खिलाफ भ्रष्टाचार सहित अन्य धाराओं में केस कर दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज गया था। अब इनके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की तैयारी है। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि रुपये हड़पने के मामले में पांच आरोपितों पर चार्जशीट दाखिल है। सभी आरोपितों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी।





