
x
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में गोकशी के मामले में पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। आंवला थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में पुलिस की जवाबी फायरिंग से दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि आरोपियों की ओर से की गई फायरिंग में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। घटनास्थल से तमंचे, कारतूस, पशु काटने के उपकरण और एक सफारी गाड़ी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, आंवला-बदायूं मार्ग पर ग्राम सिकरोड़ा के पास गोवंशीय पशु के वध की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर आंवला पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई थीं।
सीओ हेमंत उपाध्याय ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली थी। इसके आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम कनगांव के जंगल में घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान दो संदिग्धों को पकड़ा गया, जिनकी पहचान मुरादाबाद निवासी हैदर अली और संभल निवासी शाहरुख के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें गोकशी में इस्तेमाल किए गए हथियार और उपकरण बरामद कराने के लिए जंगल में ले जाया गया था। इसी दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर झाड़ियों में छिपाकर रखे गए तमंचे निकाल लिए और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग में हेड कांस्टेबल संदीप कुमार और सब-इंस्पेक्टर सुमित कुमार घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान हैदर अली के बाएं पैर और शाहरुख के दाएं पैर में गोली लगी। दोनों घायल आरोपियों को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर आवारा गोवंशीय पशुओं की रेकी करने की बात स्वीकार की है। आरोप है कि गिरोह के सदस्य रात के समय पशुओं का वध करते थे और उनका मांस दूसरे शहरों में बेचते थे।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से दो तमंचे, 315 बोर के दो खोखा कारतूस, पशु काटने के उपकरण, रस्सी और एक सफारी गाड़ी बरामद की है। पुलिस इन सामानों को कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है। इससे पहले गोकशी की घटना को लेकर सुबह गौसेवकों ने विरोध प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी। इस दौरान पुलिस की गाड़ी भी रोकी गई थी।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच और आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी हैदर अली के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। हालांकि, इन मामलों का विस्तृत विवरण सामने नहीं आया है। फिलहाल पुलिस ने गोकशी और पुलिस टीम पर फायरिंग से संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही घटना में शामिल बताए जा रहे दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Next Story





