भारत
पुलिस मुठभेड़: दिनेश यादव हत्याकांड के तीन आरोपी घायल, हथियार बरामद
jantaserishta.com
7 Oct 2026 12:00 PM IST

x
पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है.
सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी जिले में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ में दिनेश यादव हत्याकांड से जुड़े तीन आरोपी घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। घटनास्थल से तीन सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, बुधवार की रात जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) को गुप्त सूचना मिली थी कि दिनेश यादव हत्याकांड के आरोपी सुनील कुशवाहा और उसके साथी रीगा-परसौनी थाना क्षेत्र में देखे गए हैं। सूचना मिलते ही आसपास के सभी थाना क्षेत्रों को हाई अलर्ट कर दिया गया। संदिग्ध अपराधियों की घेराबंदी के लिए रीगा थानाध्यक्ष, डीआईयू की टीम और दिनेश यादव हत्याकांड की जांच के लिए गठित विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) ने रीगा-परसौनी रोड पर सघन गश्त शुरू की।
इसी दौरान रीगा थाना क्षेत्र के रेवासी-भगवानपुर बॉर्डर के समीप पुलिस टीम ने एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्धों को आते देखा। पुलिस की गाड़ी देखकर संदिग्धों ने भागने के उद्देश्य से अचानक मोटरसाइकिल मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन बाइक फिसलकर गिर गई।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने और भागने के प्रयास में तीनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि मानक संचालन प्रक्रिया का पालन करते हुए और आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने अपराधियों के शरीर के निचले हिस्से यानी पैरों को निशाना बनाकर नियंत्रित तरीके से फायरिंग की, जिसमें तीनों घायल हो गए। इसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें हिरासत में लिया और तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घायल आरोपियों की पहचान सुनील कुशवाहा, निवासी रामनगरा, थाना रीगा, सीतामढ़ी, मणि कुमार, थाना बेलसंड, सीतामढ़ी और इंदल कुमार, थाना गाढ़ा, सीतामढ़ी के रूप में हुई है। घटनास्थल की तलाशी में तीन सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, एक पिठ्ठू बैग और उसमें बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने इलाके को सुरक्षित कर साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों का लूट, हत्या, समेत कई गंभीर आपराधिक मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस अब उनके पूरे आपराधिक नेटवर्क और अन्य संभावित आपराधिक योजनाओं के संबंध में पूछताछ एवं जांच कर रही है।
Tagsसीतामढ़ी में पुलिस मुठभेड़सीतामढ़ीपुलिस मुठभेड़Police encounter in SitamarhiSitamarhiPolice encounter
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





