
x
बड़ी खबर
Shamli. शामली। शामली के कांधला थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी मेहताब की मौत हो गई। इस दौरान पुलिस टीम पर की गई फायरिंग में कांधला थाने में तैनात दरोगा दीपचंद घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि खंद्रावली पुलिस चौकी के पास दो संदिग्ध व्यक्ति किसी बड़ी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बाइक सवार दोनों संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से इनामी अपराधी मेहताब गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, पुलिसकर्मी दरोगा दीपचंद भी गोली लगने से जख्मी हुए। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मेहताब को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। पुलिस ने मौके से बिना नंबर प्लेट की बाइक, 9 एमएम पिस्टल और कई कारतूस बरामद किए हैं।
घटना के बाद एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने मौके का निरीक्षण किया और अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। पुलिस के अनुसार, मेहताब का आपराधिक रिकॉर्ड लंबा था और उसके खिलाफ हत्या, लूट और डकैती समेत करीब 25 मामले दर्ज थे। वह शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत और मेरठ के साथ-साथ हरियाणा, उत्तराखंड और दिल्ली में भी सक्रिय था। उस पर गिरोह चलाने और कई बड़ी वारदातों को अंजाम देने का आरोप था। बताया गया कि इसी वर्ष 1 मार्च को उसने पानीपत में एक महिला कांस्टेबल से सोने के कुंडल लूटे थे। इसके अलावा आदर्श मंडी क्षेत्र में किसानों से लूट के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
Next Story





