भारत

प्रिंस खान गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, छह अपराधी गिरफ्तार

SHIDDHANT
30 July 2026 7:59 PM IST
प्रिंस खान गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, छह अपराधी गिरफ्तार
x
पुलिस मुठभेड़
Hazaribagh हजारीबाग। हजारीबाग जिले के बड़कागांव में 13 माइल ट्रांसपोर्टिंग रोड पर पुलिस और प्रिंस खान गिरोह के बीच हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंग से जुड़े छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल एक आरोपी भी शामिल है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से हथियार और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि लोहसिंगना थाना क्षेत्र में धनबाद के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान का नेटवर्क सक्रिय है और गिरोह में नए अपराधियों को जोड़ा जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद बड़कागांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी शुरू की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने पहले गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को हिरासत में लिया। उनसे पूछताछ के आधार पर पेलावल थाना क्षेत्र के आजाद नगर से अमन कुमार सिंह और उनकी निशानदेही पर मोहम्मद जोशान को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने उनके पास से .303 बोर की 20 जिंदा गोलियां बरामद कीं। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गिरोह के सदस्य हथियारों के बल पर कोयला कारोबारियों, ट्रांसपोर्टरों और स्थानीय व्यवसायियों से रंगदारी वसूलते हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने दुड़कापाठ कोयला क्षेत्र में छापेमारी की।
पुलिस टीम को देखते ही वहां मौजूद अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसके अन्य साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल आरोपी की पहचान सैयद मोहम्मद जोशान के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने स्वीकार किया है कि वह प्रिंस खान और केएसएस कुबेर गिरोह के लिए काम करता है तथा कोयला कारोबारियों से लेवी वसूलने के उद्देश्य से अपने साथियों के साथ क्षेत्र में सक्रिय था। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से गिरोह के नेटवर्क, सहयोगियों और फरार अपराधियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। इन सूचनाओं के आधार पर विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
Next Story