भारत

करोड़पति निकला पुलिस कांस्टेबल: गलत तरीके से जुटा ली थी अकूत संपत्ति, छापेमारी में हुआ खुलासा

Nilmani Pal
12 Jan 2022 1:47 AM GMT
करोड़पति निकला पुलिस कांस्टेबल: गलत तरीके से जुटा ली थी अकूत संपत्ति, छापेमारी में हुआ खुलासा
x
छापा

ओडिशा पुलिस के एक कांस्टेबल की बेहिसाहब संपत्ति का खुलासा हुआ है। उसने अपनी तीन मंजिला घर की छत पर स्वीमिंग पूल तक बनवा रखा था। जब घर पर निगरानी विभाग की रेड पड़ी तो तब आरोपी जवान मौके से फरार हो गया। मामला मयूरभंज जिले के बारीपाड़ा शहर का है। निगरानी विभाग को सूचना मिली थी कि इस कांस्टेबल ने अज्ञात स्त्रोतों से अकूत संपत्ति जुटा ली है। बारीपाड़ा शहर पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर बीरेंद्र सेनापति ने बताया कि इसी थाने के कांस्टेबल निहार रंजन दंडपत की प्रॉपर्टी पर जब छापेमारी करने विजिलेंस की टीम पहुंची तब वह अपने घर की छत से कूदकर फरार हो गया।

विजिलेंस अधिकारियों की 7 टीम ने कांस्टेबल के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस टीम में 9 डीएसपी, 5 इंस्पेक्टर और 5 असिस्टेंड सब-इंस्पेक्टर शामिल थे। कांस्टेबल के सरकारी आवास, उसके निजी आवास तथा उसके माता-पिता के घर समेत कुल 7 ठिकानों पर छापेमारी की गई थी। निगरानी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस छापेमारी में 1.27 करोड़ रुपए की संपत्ति का पता चला है।

इसमें एक तीन मंजिला इमारत भी शामिल है। इसके अलावा मयूरभंज जिले में 2 प्लॉट, 2 दोपहिया वाहन, कम्पूयटर से जुड़े सामान, 13 लाख रुपए और सोना-चांदी के जेवरात शामिल हैं। घर पर छापेमारी के दौरान यह भी पता चला कि वो एक गैस एजेंसी चला रहा था जो उसकी पत्नी पिंकी दंडपत के नाम से है। पिछले साल अक्टूबर के महीने में भुवनेश्वर में एक अन्य पुलिस कांस्टेबल के पास भी अकूत संपत्ति का पता चला था। यह भी खुलासा हुआ था कि उसने मामूली सरकारी क्वार्टर को एक आलीशान बंगले में तब्दील कर दिया था। उसने अवैध तरीके से यहां निर्माण कराया था। इसमें 8 नए कमरे बनाए गए थे। जिसमें 3 बेडरूम और 5 अन्य कमरे थे।

पुलिस कांस्टेबल प्रसन्ना बहेरा को अवैध बार चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उसने अपने दो कमरे के क्वार्टर को एक आलीशान बंगले में तब्दील कर दिया था। यह भी पता चला था कि वो भुवनेश्वर में 18000 स्क्वायर फीट में चार पहिया वाहन का शोरूम खोला था। इसकी कीमत 4 करोड़ रुपए आंकी गई थी।

Next Story