भारत

एक साथ तीन घरों में पुलिस की ताबड़तोड़ रेड, 8 किलो चरस सहित 3 गिरफ्तार

Shantanu Roy
23 Nov 2026 5:37 PM IST
एक साथ तीन घरों में पुलिस की ताबड़तोड़ रेड, 8 किलो चरस सहित 3 गिरफ्तार
x
Shimla. शिमला। नशा तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस ने कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए अब एक साथ कई ठिकानों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में रविवार तडक़े ठियोग थाना क्षेत्र के बहानी गांव में पुलिस ने एक साथ तीन घरों में दबिश देकर करीब 8.1 किलोग्राम चरस बरामद की। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार तीनों ठिकानों की पहचान खुफिया सूचनाओं के आधार पर की गई थी और पूरी कार्रवाई को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया। पुलिस की
पहली टीम ने श्याम
सिंह पुत्र स्वर्गीय हीरा सिंह के घर की तलाशी ली, जहां से करीब 1.7 किलोग्राम चरस बरामद हुई। दूसरे ठिकाने पर लक्ष्मी नंद पुत्र स्वर्गीय हेत राम के घर से करीब 900 ग्राम चरस मिली। वहीं तीसरे घर में हरि वल्लभ पुत्र स्वर्गीय दिला राम के ठिकाने से करीब 5.5 किलोग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने इस घर से 1,05,690 रुपये नकद और एक वजन मशीन भी बरामद की है। बरामद नकदी और वजन मशीन को देखते हुए पुलिस इस मामले में नशे की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना ठियोग में अभियोग संख्या 179/26, 180/26 और 181/26, दिनांक 22 नवंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। जांच के दौरान आरोपियों के संपर्कों और संभावित सप्लाई नेटवर्क को भी खंगाला जाएगा। शिमला पुलिस की कार्रवाई का दूसरा बड़ा पहलू यह है कि वर्ष 2026 में कमर्शियल मात्रा में नशा बरामदगी के मामलों में
उल्लेखनीय बढ़ोतरी
हुई है। पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक इस साल अब तक 27 कमर्शियल मात्रा के मामले दर्ज किए जा चुके हैं। एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि इस साल कार्रवाई की रणनीति में बदलाव करते हुए केवल नशे की छोटी खेप पकडऩे के बजाय बड़े तस्करों, सप्लायरों और उनके नेटवर्क तक पहुंचने पर जोर दिया गया है। इसी रणनीति के तहत कमर्शियल मात्रा वाले मामलों में कार्रवाई बढ़ी है और कई मामलों में नशे की बड़ी खेप के साथ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शिमला पुलिस अब नशा तस्करी के मामलों में केवल बरामदगी और गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि नशे के कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क को तोडऩे की दिशा में काम कर रही है। इसके लिए संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी, खुफिया सूचनाओं का संकलन, तकनीकी साक्ष्यों का इस्तेमाल और आरोपियों के संपर्कों की जांच की जा रही है।
Next Story