
x
Delhi दिल्ली: माफिया मुख्तार अंसारी की फरार पत्नी और 50 हजार की इनामी आफ्शा अंसारी की तलाश में रविवार को मऊ और गाजीपुर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए नगर क्षेत्र के मिर्जाहादीपुरा स्थित पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष तैय्यब पालकी के आवास पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। करीब एक घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने घर के विभिन्न कमरों की तलाशी ली। महिला पुलिसकर्मियों ने घर की महिलाओं से भी पूछताछ की, लेकिन आफ्शा अंसारी का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस टीम बैरंग लौट गई। इस कार्रवाई के बाद मुख्तार समर्थकों में पूरे दिन हड़कंप की स्थिति बनी रही।
जानकारी के अनुसार गाजीपुर जिले के थाना मुहम्मदाबाद क्षेत्र के यूसुफपुर निवासी आफ्शा अंसारी के खिलाफ मऊ के दक्षिण टोला थाने में धोखाधड़ी, जालसाजी, लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और धारा 174-ए समेत कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा गाजीपुर जनपद के विभिन्न थानों में भी उनके खिलाफ करीब दस मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। लंबे समय से फरार चल रहीं आफ्शा अंसारी की गिरफ्तारी के लिए दोनों जनपदों की पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
रविवार सुबह करीब नौ बजे गाजीपुर के कासिमाबाद थाने और मऊ के दक्षिण टोला थाने की संयुक्त पुलिस टीम भारी फोर्स के साथ तैय्यब पालकी के आवास पहुंची। पुलिस ने पूरे मकान की गहन तलाशी ली और मौजूद लोगों से पूछताछ की। महिला पुलिसकर्मियों ने घर की महिलाओं की पहचान सुनिश्चित करने के लिए अलग से पूछताछ भी की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
छापेमारी के बाद पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष तैय्यब पालकी ने इस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस उनके जवाब से संतुष्ट नहीं हुई तो घर के अंदर जाकर महिलाओं तक से पूछताछ की गई। उनका कहना था कि मुख्तार अंसारी से उनका संबंध केवल राजनीतिक स्तर तक सीमित था और परिवार से कभी कोई संबंध नहीं रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक द्वेष की भावना से इस तरह की कार्रवाई करवा रहे हैं। साथ ही, उन्होंने आगामी नगर पालिका परिषद अध्यक्ष चुनाव लड़ने का दावा भी किया।
वहीं, मऊ नगर क्षेत्राधिकारी कृष राजपूत ने बताया कि मृतक माफिया मुख्तार अंसारी की पत्नी और 50 हजार की इनामी वांछित आफ्शा अंसारी की गिरफ्तारी के लिए गाजीपुर और मऊ पुलिस की संयुक्त टीम ने दक्षिण टोला क्षेत्र में दबिश दी थी।
Tagsफ्शा अंसारीमुख्तार अंसारीमऊ पुलिसगाजीपुर पुलिसछापेमारीगैंगस्टर एक्टफरार आरोपीजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





