भारत

गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग के 2 गुर्गों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

jantaserishta.com
24 May 2023 4:08 PM GMT
गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग के 2 गुर्गों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
x
पढ़े पूरी खबर
सीकर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग के 2 गुर्गों को गिरफ्तार किया है। दोनों ही आरोपी सीकर में फायरिंग करने की फिराक में आए थे। लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। पुलिस को इनके पास से सात कारतूस और दो देसी पिस्टल मिली है। आज सीकर एसपी करण शर्मा ने पूरे मामले का खुलासा किया है।
एसपी करण शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी गोपालदान चारण (22) निवासी मालासी और लिखमाराम मेघवाल (25) हैं। जिन्होंने बीते दिनों सुजानगढ़ में सर्राफा व्यापारी और पुलिस गार्ड पर हमला किया था। इसके बाद से ही दोनों फरार थे। आज दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 5 दिन के रिमांड पर लिया गया।
रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण से था सीधा कांटेक्ट
एसपी ने बताया कि दोनों आरोपी गोपालदान और लिखमाराम रोहित गोदारा गैंग के गुर्गे हैं। दोनों गैंगस्टर रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण के सीधे कांटेक्ट में थे। दोनों की सिग्नल ऐप से ही रोहित और वीरेंद्र से बातचीत होती थी। जिनके कहने पर ही दोनों आरोपी सीकर में आए थे। हालांकि उन्हें यह नहीं बताया गया कि उन्हें सीकर में किस पर फायरिंग करनी है। दोनों को यहां टारगेट मिलने वाला था, लेकिन इसके पहले ही दोनों पकड़े गए।
आगरा, दिल्ली, हरियाणा में काटी फरारी
पुलिस के मुताबिक आरोपी सुजानगढ़ में पुलिस गार्ड और सर्राफा व्यापारी पर फायरिंग करने के बाद लगातार फरारी काट रहे थे। जिन्होंने आगरा दिल्ली और हरियाणा में अपनी फरारी काटी। फरारी के दौरान आरोपी ज्यादातर बस में सफर करते। दोनों की लोकेशन ट्रेस नहीं हो इसके लिए केवल सिग्नल ऐप से ही बातचीत करते थे।
अस्थमा का मरीज 200 मीटर ही भाग सका
दोनों आरोपियों पर पुलिस मुख्यालय की ओर से 50-50 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था। जिनकी तलाश में जयपुर और सीकर की पुलिस लगातार पीछा कर रही थी। बीते 15 दिनों में टीम ने करीब 4 हजार से ज्यादा किलोमीटर का सफर भी तय किया। बीती रात पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी सीकर में नेहरू पार्क के पास सुनसान जगह पर है। जिनसे यहां कोई मिलने वाला है। पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी वहां से भागने लगे। आरोपी गोपालदान अस्थमा का पेशेंट है। ऐसे में करीब 200 मीटर भागने के बाद वह गिर गया। जिसे पुलिस ने मौके पर ही सांस के लिए इनहेलर पंप दिया। वहीं आरोपी लिखमाराम भागते-भागते पत्थरों पर जा गिरा। जिससे उसका एक पैर चोटिल हो गया। आरोपी गोपालदास हमेशा अपने पास पंप रखता था। आरोपी गोपालदान पर दो मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी में सीकर डीएसटी टीम के विकास और जयपुर साईबर सेल के देशराज की अहम भूमिका रही।
Next Story