भारत
माओवादियों के 14-15 अप्रैल को बंद के आह्वान पर पुलिस अलर्ट
jantaserishta.com
13 April 2023 3:14 PM IST

x
DEMO PIC
रांची (आईएएनएस)| भाकपा माओवादी नक्सलियों ने 14 और 15 अप्रैल को दक्षिण बिहार और पश्चिमी झारखंड में बंद का ऐलान किया है। यह बंद बीते दिनों झारखंड के चतरा जिले में पुलिस मुठभेड़ में पांच नक्सली नेताओं की मौत के विरोध में बुलाया गया है। माओवादियों ने इस मुठभेड़ को फर्जी करार दिया है। उन्होंने इसे लेकर कई जगहों पर पोस्टर चिपकाए हैं और पर्चे जारी किए हैं। भाकपा माओवादी की बिहार-झारखंड रिजनल कमेटी के नाम से लगाए गए पोस्टरों में धमकी दी गई है कि जो लोग बंद के आदेश को नहीं मानेंगे, उन्हें जन अदालत लगाकर सजा दी जाएगी। बंद के दौरान आवश्यक सेवाओं प्रेस, दूध, एंबुलेंस सेवाओं को मुक्त रखने की घोषणा की गई है।
नक्सलियों के बंद के ऐलान को देखते हुए झारखंड में पुलिस की खुफिया शाखा ने अलर्ट जारी किया है। दक्षिण बिहार में 17 और पश्चिम झारखंड में पांच जिले आते हैं। बिहार में गया, औरंगाबाद, नवादा, जमुई, मुंगेर, सासाराम, बांका और झारखंड के चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, गुमला, सिमडेगा जिलों की पुलिस को खास तौर पर अलर्ट किया है। इस दौरान लांग रेंज पेट्रोलिंग और रेलवे लाइनों की विशेष निगरानी की हिदायत दी गई है। आशंका जताई गई है कि नक्सली इस दौरान मोबाइल टावरों, सरकारी इमारतों, स्कूलों आदि को निशाना बनाने की कोशिश कर सकते हैं।
बता दें कि झारखंड-बिहार के सीमांत इलाके में बीते तीन अप्रैल को पुलिस के साथ मुठभेड़ में जो पांच भाकपा माओवादी नक्सली कमांडर मारे गए थे, उन सभी पर कुल मिलाकर 60 लाख रुपए का इनाम घोषित था।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





