
x
वाहन चोरी के चार मामलों का खुलासा छह गाड़ियां बरामद
Mumbai मुंबई। मुंबई पुलिस की मुलुंड यूनिट ने मंगलवार को एक रजिस्टर्ड इन-कीपर (सराय चलाने वाले) को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान 29 वर्ष के संदीप नारायण वंजारी के रूप में हुई है। इसके साथ ही पुलिस ने मोटर-वाहन चोरी के चार मामलों का खुलासा करते हुए 3.45 लाख रुपए की कीमत की छह गाड़ियां बरामद की हैं। यह कार्रवाई 25 अगस्त 2026 को मुलुंड पुलिस स्टेशन में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी की शिकायत के बाद की गई। क्राइम डिटेक्शन टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जानकारी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपी का पता राहुल नगर, मुलुंड (पश्चिम) में लगाया और उसे हिरासत में ले लिया।
मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि यह गिरफ्तारी चार एफआईआर से जुड़ी है, जिसमें तीन मुलुंड में और एक मुंब्रा में दर्ज है। इसके साथ ही पुलिस ने बताया कि वंजारी पर मुलुंड में पहले से ही चोरी, अवैध हथियार रखने और डकैती की तैयारी जैसे अपराधों के सात मामले दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ यह कार्रवाई मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। इस कार्रवाई में सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर संतोष घाटेकर और सब-इंस्पेक्टर नीलेश ढोंडे समेत अन्य अधिकारियों की अहम भूमिका रही, जिनकी सराहना की गई है।
दूसरी ओर, एक अलग मामले में नोएडा के थाना सेक्टर-20 पुलिस ने कार चोरी की एक घटना का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई हुंडई एक्सटर कार और उसकी फर्जी नंबर प्लेट बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने चोरी की कार की पहचान छिपाने के लिए उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी, जबकि कार की असली नंबर प्लेट डिग्गी में छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में पीड़िता ने थाना सेक्टर-20 में शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें बताया गया था कि उन्होंने अपनी कार वेब सिल्वर टावर के सामने स्थित पार्किंग में खड़ी की थी। कुछ समय बाद जब वह वापस पार्किंग में पहुंचीं तो उनकी कार गायब थी। काफी तलाश करने के बावजूद कार का पता नहीं चल सका। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
Next Story





