भारत

NEET परीक्षा के बीच दिल्ली एयरपोर्ट पर रुके पीएम

Saba Naaz
21 Jun 2026 4:37 PM IST
NEET परीक्षा के बीच दिल्ली एयरपोर्ट पर रुके पीएम
x

भारत: NEET परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज एक महत्वपूर्ण और संवेदनशील निर्णय लिया। दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड करने के बाद पीएम मोदी सीधे प्रधानमंत्री आवास नहीं गए और कुछ समय तक एयरपोर्ट पर ही रुके रहे, ताकि शहर में उनके काफिले के कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति न बने और छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई दिक्कत न हो।

जानकारी के अनुसार, पीएम मोदी दोपहर 1:15 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे थे, जबकि NEET परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शुरू होनी थी। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि सड़क यातायात प्रभावित न हो और परीक्षार्थियों को समय पर केंद्र तक पहुंचने में कोई बाधा न आए।

इधर, देशभर और विदेशों में NEET-UG पुनर्परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की जा रही है। यह परीक्षा पहले पेपर लीक मामले के चलते रद्द की गई थी। अब राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा दोबारा परीक्षा आयोजित की जा रही है, जिसमें लाखों छात्र शामिल हो रहे हैं।

परीक्षा भारत के 551 शहरों में 5,440 केंद्रों पर और विदेश के 14 केंद्रों पर कराई जा रही है। इस बार लगभग 95,000 से अधिक परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष रहे।

एनटीए ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे शांत मन से परीक्षा दें और किसी भी तरह की अफवाह या तनाव से दूर रहें। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए बिना दबाव के परीक्षा में शामिल होने की सलाह दी है।

Next Story