भारत

अमेरिका की टैरिफ धमकियों पर पीएम मोदी का स्पष्ट संदेश

jantaserishta.com
15 Aug 2025 1:57 PM IST
अमेरिका की टैरिफ धमकियों पर पीएम मोदी का स्पष्ट संदेश
x
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी टैरिफ की धमकी के बीच दुनिया को एक स्पष्ट संदेश दिया कि वह किसानों की ढाल बनकर खड़े हैं और भारत उनके हितों से कभी समझौता नहीं करेगा। 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से देशवासियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के किसान, पशुपालक और मछुआरे हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के किसानों को एक भावनात्मक श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए निर्भरता से आत्मनिर्भरता तक राष्ट्र की यात्रा का आधार कहा है। उन्होंने याद दिलाया कि कैसे औपनिवेशिक शासन ने देश को गरीब बना दिया था, लेकिन यह किसानों के अथक प्रयासों ने ही भारत के अन्न भंडार भरे और राष्ट्र की खाद्य संप्रभुता को सुरक्षित किया।
अपने स्वतंत्रता दिवस भाषण में प्रधानमंत्री ने कहा कि कृषि भारत के विकास की आधारशिला है। भारत आज दूध, दाल और जूट उत्पादन में विश्व में नंबर 1 है, जबकि चावल, गेहूं, कपास, फल और सब्जियों के उत्पादन में नंबर 2 स्थान पर है। भारत के कृषि निर्यात 4 लाख करोड़ का आंकड़ा पार कर चुके हैं, जो वैश्विक प्रतिस्पर्धा में देश की मजबूती को दर्शाता है।
उन्होंने घोषणा की, "किसानों, मछुआरों और पशुपालकों के लिए मोदी हमेशा सुरक्षा की दीवार के रूप में खड़े रहेंगे।" प्रधानमंत्री मोदी ने किसान की ताकत की प्रशंसा की और कहा कि चाहे छोटे किसान, पशुपालक, या मछुआरे, सभी को कई विकास योजनाओं से लाभ हो रहा है। उन्होंने कहा, "पीएम किसान सम्मान निधि, वर्षा जल संचयन, सिंचाई परियोजनाएं, गुणवत्तापूर्ण बीज वितरण और समय पर उर्वरक आपूर्ति जैसी पहलों ने मिलकर देशभर में किसानों का विश्वास बढ़ाया है।"
उन्होंने अपने संबोधन के इस हिस्से को एक संकल्प के साथ समाप्त किया। अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए उन्होंने कहा, "भारत के किसानों, पशु-पालकों और मछुआरों से जुड़ी किसी भी अहितकारी नीति के आगे मोदी दीवार बनकर खड़ा है। भारत अपने किसानों के हितों के साथ कोई समझौता नहीं करेगा।"
पीएम नरेंद्र मोदी के इस भाषण को अमेरिका को एक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है, जिसने हाल ही में भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया। अमेरिका भारत के कृषि और डेयरी क्षेत्र में अपनी पहुंच बनाने की कोशिश के तहत ट्रेड डील पर आगे बढ़ना चाहता था। हालांकि, भारत ने इस डील से स्पष्ट तौर पर इनकार कर दिया। इससे बौखलाए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा कर दी। अमेरिका की इस टैरिफ धमकी के बावजूद भारत अभी भी अपने फैसले पर अडिग है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story