प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जल्द टिहरी में टीएचडीसी की एक हजार मेगावाट पंप स्टोरेज प्लांट परियोजना का लोकार्पण करेंगे। पीएम के संभावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।
पीएम मोदी इसी माह के अंत या जून के पहले सप्ताह में टिहरी पहुंच सकते हैं। एक हजार मेगावाट क्षमता वाला पंप स्टोरेज प्लांट (पीएसपी) राष्ट्र को समर्पित होने से टीएचडीसी कांप्लेक्स की कुल विद्युत उत्पादन क्षमता 2400 मेगावाट हो जाएगी।
इसके साथ ही टिहरी बांध की यह परियोजना एशिया की सबसे बड़ी पीएसपी जल विद्युत परियोजना बन जाएगी। इस संभावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन, टीएचडीसी और अन्य विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
पीएम मोदी के टिहरी दौरे के दौरान कोटी कालोनी क्षेत्र में बड़ी जनसभा आयोजित किए जाने की संभावना है। टिहरी बांध पहले से ही देश की प्रमुख जल विद्युत परियोजनाओं में शामिल है। जिसमें टिहरी बांध परियोजना से 1000 मेगावाट, कोटेश्वर बांध परियोजना से 400 मेगावाट विद्युत उत्पादन हो रहा है।
अब 1000 मेगावाट की नई पीएसपी परियोजना जुड़ने से बिजली उत्पादन क्षमता में बड़ा इजाफा होने जा रहा है। इस पीएसपी परियोजना के 250-250 मेगावाट की तीन यूनिटों को पूर्व में सफलता पूर्वक संचालन शुरू किया जा चुका है। बीते 14 अप्रैल को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के दौरान ही पीएम की ओर से इस परियोजना का लोकार्पण किया जाना प्रस्तावित था, लेकिन तब कार्यक्रम अचानक स्थगित कर दिया गया था।





