भारत

PM मोदी 28 अप्रैल को बनारस-हडपसर अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर करेंगे रवाना

Nilmani Pal
25 April 2026 6:29 AM IST
PM मोदी 28 अप्रैल को बनारस-हडपसर अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर करेंगे रवाना
x
यूपी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 अप्रैल को बरेका में जनसभा स्थल से बनारस-हडपसर (पुणे) अमृत भारत एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाएंगे। पहले दिन यह गैर वातानुकूलित प्रीमियम ट्रेन उद्घाटन स्पेशल बनकर जाएगी। बनारस स्टेशन पर इसका सजीव प्रसारण होगा। रेलवे बोर्ड के निदेशक (कोचिंग) संजय आर. नीलम का पत्र आने के बाद स्टेशन पर इसकी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। यह बनारस से चलने वाली दूसरी और वाराणसी से गुजरने वाली कुल छठी अमृत भारत ट्रेन होगी।

बनारस से हडपसर तक प्रतिदिन चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस का रैक हफ्ते भर पहले ही बनारस स्टेशन पर पहुंच चुका है। रेलवे बोर्ड ने ट्रेन का नम्बर और समय (22589/22590) जारी कर दिया है, लेकिन नियमित परिचालन की तिथि और किराया फिलहाल तय नहीं किया है। गाड़ी संख्या-22589 बनारस से शाम 6.15 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन ज्ञानपुर रोड, प्रयागराज जंक्शन, फतेहपुर, गोविंदपुरी, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, बीना, रानी कमलापति होते हुए अगले दिन रात 12.10 बजे हडपसर पहुंचेगी।

वहीं, गाड़ी संख्या-22590 हडपसर से दोपहर 2.30 बजे प्रस्थान करेगी। 22 कोच की इस ट्रेन में स्लीपर और जनरल बोगियां होंगी। इसका प्राइमरी मेंटेनेंस बनारस में होगा। अभी वाराणसी होकर बनारस-सियालदह, मालदा टाउन-गोमती नगर समेत पांच अमृत भारत ट्रेनें चल रही हैं। बता दें कि बनारस से पुणे जाने वाली यह दूसरी ट्रेन होगी। अभी बनारस से ज्ञानगंगा सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार को पुणे रवाना होती है, जबकि दरभंगा-पुणे एक्सप्रेस यहां से गुजरती है।

Next Story