भारत

25-26 अगस्त को गुजरात दौरे पर रहेंगे पीएम मोदी, देंगे 5,400 करोड़ रुपए की परियोजनाओं की सौगात

jantaserishta.com
24 Aug 2025 2:31 PM IST
25-26 अगस्त को गुजरात दौरे पर रहेंगे पीएम मोदी, देंगे 5,400 करोड़ रुपए की परियोजनाओं की सौगात
x
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25-26 अगस्त को गुजरात के दौरे पर रहेंगे। वे गुजरात को 5,400 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं की सौगात देंगे। ये परियोजनाएं शहरी विकास, ऊर्जा, सड़क और रेलवे क्षेत्र से जुड़ी हैं। इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अगस्त को शाम लगभग 6 बजे अहमदाबाद के खोडलधाम मैदान में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। 'मेक इन इंडिया' की सफलता के एक प्रमुख उदाहरण के रूप में प्रधानमंत्री मोदी अहमदाबाद के हंसलपुर में 100 से अधिक देशों में निर्यात के लिए सुजुकी के पहले वैश्विक बैटरी इलेक्ट्रिक वाहन "ई विटारा" को हरी झंडी दिखाएंगे।
इसके अलावा, 26 अगस्त को सुबह लगभग 10:30 बजे, पीएम मोदी टीडीएस लिथियम-आयन बैटरी संयंत्र में हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड के स्थानीय उत्पादन का उद्घाटन करेंगे, जो हरित ऊर्जा के क्षेत्र में भारत के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1,400 करोड़ रुपए से अधिक की कई रेलवे परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसमें 530 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से 65 किलोमीटर लंबी महेसाणा-पालनपुर रेल लाइन का दोहरीकरण, 860 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से 37 किलोमीटर लंबी कलोल-कडी-कटोसन रोड रेल लाइन और 40 किलोमीटर लंबी बेचराजी-रानुज रेल लाइन शामिल है। पीएम मोदी कटोसन रोड और साबरमती के बीच यात्री ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे।
प्रधानमंत्री वीरमगाम-खुदाद-रामपुरा सड़क के चौड़ीकरण के बाद उसका उद्घाटन करेंगे। वे अहमदाबाद-मेहसाणा-पालनपुर मार्ग पर 6 लेन वाले वाहन अंडरपास और अहमदाबाद-वीरमगाम मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण की आधारशिला रखेंगे।
इसके अलावा, पीएम नरेंद्र मोदी उत्तर गुजरात विज कंपनी लिमिटेड (यूजीवीसीएल) के तहत अहमदाबाद, मेहसाणा और गांधीनगर में बिजली वितरण परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। 1000 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली ये परियोजनाएं प्रतिकूल मौसम के दौरान बिजली की रुकावटों और कटौती को कम करेंगी।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story