
मेरठ। 22 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरठ दौरे में करीब छह किलोमीटर की यात्रा नमो भारत/मेरठ मेट्रो से करेंगे। वहीं दो हिस्सों में करीब तीन किलोमीटर की यात्रा प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से करेंगे। इस तरह रैपिड रेल के नमो भारत और मेरठ मेट्रो के उद्घाटन का प्रधानमंत्री का कार्यक्रम लगभग फाइनल हो गया है। रविवार को पुलिस, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक सर्किट हाउस में हुई। अधिकारियों ने प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम को साझा किया। जानकारी दी गई कि प्रधानमंत्री का मेरठ दौरा करीब दो घंटे का रहेगा।
प्रधानमंत्री दिल्ली से मोहकमपुर स्थित हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे। वहां से करीब 800 मीटर का सफर सड़क मार्ग से करते हुए शताब्दीनगर रैपिड स्टेशन पहुंचेंगे। वहां नमो भारत और मेट्रो का उद्घाटन करेंगे। वहां से करीब छह किलोमीटर का सफर प्रधानमंत्री नमो भारत/मेरठ मेट्रो से करेंगे। इस तरह प्रधानमंत्री शताब्दीनगर से मेरठ साउथ स्टेशन पहुंचेंगे। मेरठ साउथ से सभा स्थल तक प्रधानमंत्री करीब 2.200 किलोमीटर का सफर सड़क मार्ग से करेंगे। सभा स्थल पर प्रधानमंत्री का कार्यक्रम दोपहर 12.50 बजे से 1.50 बजे तक का संभावित है। करीब दो बजे प्रधानमंत्री दिल्ली प्रस्थान कर जाएंगे। इस तरह प्रधानमंत्री का दौरा करीब दो घंटे का रहेगा।
ऊर्जा राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, जलशक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक, मेयर हरिकांत अहलूवालिया, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, अश्विनी त्यागी, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, डीएम डॉ.वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडेय, एडीएम सिटी ब्रजेश कुमार सिंह मौजूद रहे।





