भारत

11 साल बाद कनाडा के द्विपक्षीय दौरे पर जाएंगे PM मोदी, ट्रेड डील पर नजर

jantaserishta.com
16 Oct 2026 2:13 PM IST
11 साल बाद कनाडा के द्विपक्षीय दौरे पर जाएंगे PM मोदी, ट्रेड डील पर नजर
x
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 और 12 दिसंबर को कनाडा के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत होने और CEPA पर हस्ताक्षर की संभावना है। भारत और कनाडा ने 2030 तक आपसी कारोबार को सालाना 7 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब अमेरिका के साथ व्यापारिक तनाव के बीच कनाडा नए बाजारों की तलाश कर रहा है। साल 2023 में हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर दोनों देशों के रिश्तों में तनाव आया था, लेकिन अब उन्हें बेहतर बनाने की कोशिशें जारी हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 से 12 दिसंबर तक कनाडा के दौरे पर रहेंगे। इस यात्रा के दौरान भारत और कनाडा के बीच व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करने पर चर्चा होने की उम्मीद है। दोनों देशों के बीच व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते यानी CEPA पर हस्ताक्षर होने की संभावना भी जताई गई है।
इस तरह के समझौते में दो देश आपसी व्यापार, निवेश और कारोबार को बढ़ावा देने के लिए नियम और शर्तें तय करते हैं। भारत और कनाडा का लक्ष्य 2030 तक दोनों देशों के बीच सालाना व्यापार को बढ़ाकर 7 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाना है। फिलहाल दोनों देशों के बीच करीब 3 लाख करोड़ रुपये का कारोबार होता है।
मोदी का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब कनाडा और अमेरिका के बीच टैरिफ को लेकर तनाव बना हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के टैरिफ दबाव के बीच कनाडा दूसरे देशों के साथ व्यापार बढ़ाने के विकल्प तलाश रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री....
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने 13 अक्टूबर को फोन पर बातचीत की थी। मोदी ने इस बातचीत को अच्छा बताया था। दोनों नेताओं ने कई क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।
इनमें व्यापार, ऊर्जा, तकनीक, सुरक्षा और दोनों देशों के नागरिकों के बीच संपर्क मजबूत करने जैसे विषय शामिल रहे। कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, दोनों नेता चाहते हैं कि भारत और कनाडा के बीच व्यापार समझौते को लेकर चल रही बातचीत जल्द पूरी हो। दोनों नेताओं ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र की परिस्थितियों पर भी चर्चा की। इस दौरान कार्नी ने रूस-यूक्रेन युद्ध का शांतिपूर्ण समाधान खोजने के प्रयासों के लिए प्रधानमंत्री मोदी की सराहना की।
निज्जर हत्याकांड के बाद बिगड़े थे रिश्ते
भारत और कनाडा के संबंधों में साल 2023 में खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद तनाव बढ़ गया था। उस समय कनाडा के तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने आरोप लगाया था कि इस मामले में भारतीय सरकारी एजेंटों की भूमिका हो सकती है। भारत ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था।
इसके बाद 2024 में कनाडा की सरकार और पुलिस ने भारतीय राजनयिकों पर गंभीर आपराधिक गतिविधियों से जुड़े होने के आरोप लगाए। कनाडा ने छह भारतीय राजनयिकों को देश छोड़ने के लिए कहा। जवाब में भारत ने भी छह कनाडाई राजनयिकों को वापस जाने का निर्देश दिया।
इन घटनाओं के कारण दोनों देशों के रिश्तों में काफी कड़वाहट आ गई थी। हालांकि, मार्क कार्नी के कनाडा का प्रधानमंत्री बनने के बाद संबंध सुधारने की कोशिशें तेज हुई हैं। पिछले साल नवंबर में भारत यात्रा के दौरान कार्नी ने भारत को भरोसेमंद व्यापारिक साझेदार बताया था।
प्रधानमंत्री मोदी का कनाडा का ...
प्रधानमंत्री मोदी का कनाडा का पिछला द्विपक्षीय दौरा अप्रैल 2015 में हुआ था। उस समय कनाडा के प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर थे। इस यात्रा के बाद भारत और कनाडा के बीच यूरेनियम की खरीद को लेकर भी समझौता हुआ था। जून 2025 में मोदी कनाडा गए थे, लेकिन वह द्विपक्षीय यात्रा नहीं थी। वे वहां जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने सम्मेलन से अलग कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से मुलाकात भी की थी।
अब दिसंबर में होने वाला दौरा दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को आगे बढ़ाने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। व्यापार समझौते पर बातचीत, कारोबार बढ़ाने का लक्ष्य और हाल के वर्षों में तनावपूर्ण रहे संबंधों को बेहतर बनाने की कोशिशें इस यात्रा के प्रमुख मुद्दे होंगे।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story