भारत

आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे पीएम मोदी, क्वाड समूह की बैठक पर भी रहेगी नजर

jantaserishta.com
17 Nov 2026 8:31 AM IST
आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे पीएम मोदी, क्वाड समूह की बैठक पर भी रहेगी नजर
x
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (ईएएस) में हिस्सा लेंगे। वहीं, दुनिया की नजरें भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के नेताओं पर टिकी रहेंगी। यहां क्वाड देशों के नेताओं की प्रस्तावित बैठक करीब दो साल बाद इस समूह को फिर शीर्ष स्तर पर एक साथ लाने जा रही है।
आसियान-भारत शिखर सम्मेलन की बात करें तो इसमें दोनों पक्षों के बीच 'व्यापक रणनीतिक साझेदारी' को लागू करने में हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी, जिसमें 2026-2030 के लिए 'आसियान-भारत कार्य योजना' भी शामिल है। इस बैठक में सहयोग के मौजूदा क्षेत्रों का आकलन करने और भारत तथा आसियान सदस्य देशों के बीच भविष्य के जुड़ाव की दिशा तय करने का अवसर भी मिलेगा।
वहीं, 21वां पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन नेताओं के लिए एक ऐसा मंच होगा, जहां वे प्रमुख क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर अपने विचार साझा कर सकेंगे। साथ ही, वे आसियान और अन्य भागीदार देशों से जुड़े साझा हितों के मुद्दों पर भी चर्चा कर सकेंगे।
अपनी यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी मनीला के ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान में पुनर्विकास कार्य की शुरुआत के अवसर पर आयोजित एक समारोह में भी हिस्सा लेंगे; यह एक ऐसा धार्मिक स्थल है जिसका इतिहास सौ साल से भी अधिक पुराना है।
इस कार्यक्रम में अपनी भागीदारी की घोषणा करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "17 नवंबर, एक बहुत ही खास दिन है। मुझे मनीला के ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान में पुनर्विकास कार्यों की शुरुआत के अवसर पर आयोजित समारोह में शामिल होने का सौभाग्य मिलेगा।"
वहीं, 49वें आसियान शिखर सम्मेलन के बीच होने वाली क्वाड बैठक भी काफी अहम है। इसका महत्व केवल चार देशों के नेताओं के एक मंच पर आने तक सीमित नहीं है। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बदलते सुरक्षा समीकरण, समुद्री व्यापार मार्गों की सुरक्षा और चीन के बढ़ते प्रभाव के बीच क्वाड की भूमिका पर भी दुनिया की नजर है।
दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप मंगलवार को मनीला पहुंचने वाले हैं। उनके साथ अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो भी होंगे। प्रधानमंत्री मोदी के अलावा जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के भी बैठक में शामिल होने की उम्मीद है।
क्वाड नेताओं की पिछली शिखर बैठक सितंबर 2024 में अमेरिका के डेलावेयर में हुई थी। इस लिहाज से मनीला की बैठक समूह के लिए महत्वपूर्ण वापसी मानी जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को मनीला पहुंचे। फिलीपींस, 2026 के लिए आसियान अध्यक्ष के तौर पर इन सम्मेलनों की मेजबानी कर रहा है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story