भारत

पीएम मोदी ने शुभकामनाओं के लिए राष्ट्रपति मुर्मु और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का जताया आभार

SHIDDHANT
10 Jun 2026 8:17 PM IST
पीएम मोदी ने शुभकामनाओं के लिए राष्ट्रपति मुर्मु और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का जताया आभार
x
Delhi दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को एक रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने 4,399 दिनों तक निरंतर राष्ट्रसेवा कर इतिहास रचा। इस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन की ओर से शुभकामनाएं दी गईं। राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति के शुभकामना संदेश पर पीएम मोदी ने आभार जताया।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का आभार जताते हुए लिखा कि आपकी शुभकामनाओं और स्नेहपूर्ण शब्दों के लिए आपका आभारी हूं। इन वर्षों में जो कुछ भी हासिल हुआ है, वह भारत के लोगों के सामूहिक प्रयासों और उनकी आकांक्षाओं का परिणाम है। 140 करोड़ भारतीयों का स्नेह और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति और प्रेरणा है। मुझे विशेष रूप से खुशी है कि आपने पीएम-जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का उल्लेख किया। हमारी सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि 'अंत्योदय' की सच्ची भावना के साथ विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।
उपराष्ट्रपति का आभार जताते हुए पीएम ने एक्स पर लिखा कि भारत के लोगों का भरोसा और आशीर्वाद मुझे देश की सेवा में और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित करता है। मेरे सभी प्रयास एक ऐसे 'विकसित भारत' के निर्माण के लक्ष्य से प्रेरित रहेंगे, जो समृद्ध हो और जिसे अपनी सभ्यतागत विरासत पर गर्व हो। अपने साथी भारतीयों के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला का आभार जताते हुए पीएम मोदी ने लिखा कि आपकी स्नेहिल शुभकामनाओं के
लिए
बहुत-बहुत आभार। भारतीय लोकतंत्र में यह ऐतिहासिक पड़ाव जनता-जनार्दन के अपार आशीर्वाद और अपनत्व का सुपरिणाम है। हम सभी मिलकर विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण के संकल्प को और अधिक दृढ़ता के साथ आगे बढ़ाते रहेंगे।
पीएम ने एनडीए के साथियों का भी आभार जताया। उन्होंने लिखा कि मैं एनडीए के मुख्यमंत्रियों और नेताओं को उनकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद देता हूं। एनडीए का सफर राष्ट्रीय हितों को आगे बढ़ाने और क्षेत्रीय आकांक्षाओं को पूरा करने के साझा संकल्प से तय हुआ है। इस भावना ने हमारे लोकतंत्र को मजबूत किया है, सहकारी संघवाद को गहरा किया है और विकास की गति को तेज किया है। पिछले 12 वर्षों में एनडीए ने एक स्थिर सरकार दी है जिसने सभी क्षेत्रों में प्रगति को आगे बढ़ाया है। हम देश की सेवा और 'विकसित भारत' के विजन के लिए नए जोश के साथ मिलकर काम करना जारी रखेंगे।
Next Story