भारत

PM मोदी ने ओमान के सुल्तान और कुवैत के क्राउन प्रिंस से बात की

Shantanu Roy
3 March 2026 5:30 PM IST
PM मोदी ने ओमान के सुल्तान और कुवैत के क्राउन प्रिंस से बात की
x
New Delhi. नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में अमेरिका और इस्राइल की ओर से ईरान पर की गई संयुक्त सैन्य कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है और हालात तेजी से बदल रहे हैं। इसी पृष्ठभूमि में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार दोपहर खाड़ी क्षेत्र के प्रमुख नेताओं से फोन पर बातचीत कर मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने हैथम बिन तारिक से अलग से बात की और ओमान की स्थिति के बारे में जानकारी ली। बातचीत के दौरान क्षेत्र में जारी हमलों पर चिंता व्यक्त की गई। प्रधानमंत्री ने ओमान में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और कुशलता को लेकर भी चर्चा की। दोनों पक्षों ने मौजूदा हालात पर संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई।
इसके बाद प्रधानमंत्री ने शेख सबा अल-खालिद अल-अहम अल-मुबारक अल-सबाह से भी फोन पर बातचीत की। इस दौरान कुवैत की मौजूदा स्थिति और क्षेत्रीय तनाव पर विचार-विमर्श किया गया। प्रधानमंत्री ने कुवैत में भारतीय समुदाय की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए आवश्यक कदमों पर चर्चा की। इससे पहले सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी ने अब्दुल्ला द्वितीय से भी बातचीत की थी। बातचीत में क्षेत्र में बढ़ते तनाव और उसके प्रभावों पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
बातचीत के बाद प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि उन्होंने जॉर्डन के राजा से क्षेत्र में तेजी से बदले हालात पर चर्चा की और अपनी चिंता व्यक्त की। उन्होंने शांति, सुरक्षा और जॉर्डन की जनता के कल्याण के प्रति समर्थन दोहराया। साथ ही जॉर्डन में रह रहे भारतीय समुदाय का ध्यान रखने के लिए आभार जताया। सरकारी सूत्रों के अनुसार, पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति को लेकर भारत लगातार
संपर्क में है और क्षेत्र में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर नजर रखी जा रही है। विदेश मंत्रालय संबंधित देशों के साथ समन्वय में है और आवश्यक होने पर आगे की कार्रवाई के लिए तैयार है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत की प्राथमिकता अपने नागरिकों की सुरक्षा, क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को समर्थन देना है। प्रधानमंत्री द्वारा की गई इन वार्ताओं को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Next Story