भारत

संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले पीएम मोदी ने की सोनिया गांधी से बात

jantaserishta.com
20 July 2023 11:56 AM IST
संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले पीएम मोदी ने की सोनिया गांधी से बात
x
नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र के पहले दिन गुरुवार को सुबह 11 बजे लोक सभा की कार्यवाही शुरू होने से 2 मिनट पहले सदन में पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी बेंच की तरफ जाकर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी से बातचीत की।
सदन की कार्यवाही शुरू होने से थोड़ी देर पहले लोक सभा में प्रवेश करते ही सत्तापक्ष के सांसदों ने नारे लगाकर और खड़े होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री विपक्षी बेंच की तरफ बढ़े। विपक्षी सांसदों का अभिवादन करते और उनका अभिवादन स्वीकार करते हुए पीएम मोदी ने सबसे पहले जेडीयू राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के पास रुककर उनसे हाथ मिलाया और बातचीत की।
सोनिया गांधी की बेंच के पास जाकर उन्होंने नमस्कार किया। सोनिया गांधी ने भी खड़े होकर प्रधानमंत्री का अभिवादन करते हुए नमस्कार कहा। प्रधानमंत्री ने कुछ समय रुककर सोनिया गांधी से बातचीत की और उनका हालचाल पूछा। इसके बाद प्रधानमंत्री लोक सभा में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के बेंच के पास पहुंचे। दोनों नेताओं ने एक दूसरे को नमस्कार कर अभिवादन किया।
सुबह 11 बजे लोक सभा की कार्यवाही शुरू होते ही पंजाब के जालंधर लोक सभा क्षेत्र से निर्वाचित आप सांसद सुशील कुमार रिंकू ने सदन की सदस्यता की शपथ ली। इसके बाद लोक सभा अध्यक्ष बिरला ने वर्तमान लोक सभा के 2 दिवंगत सांसद - रतन लाल कटारिया और बालूभाऊ उर्फ सुरेश नारायण धानोरकर एवं प्रकाश सिंह बादल, संदीपन थोराट, अतीक अहमद, इलियास आज़मी, अनादि चरण दास और निहाल सिंह सहित 11 पूर्व सांसदों के निधन पर श्रद्धांजलि व्यक्त की।
लोक सभा सांसदों ने खड़े होकर मौन रहकर इन 13 दिवंगत सांसदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद लोक सभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। हालांकि इस बीच विपक्षी बेंच की तरफ से कई सांसद 'मणिपुर-मणिपुर ' चिल्लाते भी नजर आए।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story