भारत

पीएम मोदी ने कहा- निर्णायक मुकाम पर कोरोना के खिलाफ जंग, टीकाकरण का आंकड़ा 50 करोड़ के पार

Rani Sahu
6 Aug 2021 5:19 PM GMT
पीएम मोदी ने कहा- निर्णायक मुकाम पर कोरोना के खिलाफ जंग, टीकाकरण का आंकड़ा 50 करोड़ के पार
x
कोरोना के खिलाफ लड़ाई एक निर्णायक मुकाम पर पहुंच चुकी है। केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के मुताबिक देश में कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण की संख्या 50 करोड़ के आंकड़े को पार कर गई है

कोरोना के खिलाफ लड़ाई एक निर्णायक मुकाम पर पहुंच चुकी है। केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के मुताबिक देश में कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण की संख्या 50 करोड़ के आंकड़े को पार कर गई है। मंत्रालय ने बताया कि शुक्रवार को देश में कोरोना रोधी वैक्‍सीन की 43.29 लाख से अधिक डोज लगाई गईं। इसके साथ ही टीकाकरण का आंकड़ा 50,03,48,866 पर पहुंच गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस उपलब्धि पर देशवासियों को बधाई दी है। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसे नया कीर्तिमान बताया है।

गृह मंत्री ने बताया कीर्तिमान
गृह मंत्री शाह ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया के सबसे बड़े कोविड टीकाकरण अभियान ने 50 करोड़ का आंकड़ा पार करके नया कीर्तिमान बनाया है। इतने बड़े देश में इतने कम समय में व्यापक टीकाकरण हर देशवासी के जीवन की सुरक्षा के प्रति पीएम मोदी की संवेदनशीलता को दिखाता है।
स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री बोले- ऐतिहासिक उपलब्धि
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने ट्वीट कर इसे ऐतिहासिक उपलब्धि करार दिया। उन्‍होंने कहा- कोरोना के खिलाफ लड़ाई में भारत ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली है। देश ने टीकाकरण में 50 करोड़ के आंकड़े को पार कर लिया है।
शुक्रवार को 43.29 लाख से अधिक खुराकें दी गई
केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने बताया कि देश में शुक्रवार शाम सात बजे तक 43.29 लाख से अधिक खुराकें (43,29,673) दी गईं। शुक्रवार को 18 से 44 साल के 22,93,781 लोगों को पहली जबकि 4,32,281 को दूसरी खुराक लगाई गई। देश में अब तक 18 से 44 साल के 17,23,20,394 लोगों को पहली डोज जबकि 1,12,56,317 लोगों को दोनों खुराक लगाई जा चुकी है।
किस राज्य में कितने टीके
गुजरात 5.30 लाख
उत्तर प्रदेश 3.47 लाख
राजस्थान 3.43 लाख
महाराष्ट्र 3.15 लाख
बिहार 2.84 लाख
छत्तीसगढ़ 1.04 लाख
दिल्ली 0.81 लाख
हरियाणा 0.74 लाख
झारखंड 0.59 लाख
हिमाचल 0.48 लाख
उत्तराखंड 0.46 लाख
टीकाकरण ने ऐसे पकड़ी रफ्तार
केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक देश को 10 करोड़ का आंकड़ा छूने में 85 दिन लगे। वहीं अगले 45 दिन में 20 करोड़ के आंकडे़ को पार कर गए जबकि और 29 दिन बाद 30 करोड़ के आंकड़े पर पहुंच गए। इसके 24 दिन बाद देश ने 40 करोड़ के आंकड़े को पार कर लिया। इसके बाद महज 20 दिन में 50 करोड़ टीकाकरण के आंकड़े को हासिल कर लिया गया।
केंद्र ने राज्यों को 51.16 करोड़ डोज मुहैया कराईं
केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने बताया कि केंद्र की तरफ से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अब तक कोरोना रोधी वैक्सीन की 51.16 करोड़ डोज उपलब्ध कराई गई हैं। जल्द ही इन्हें 20,49,220 डोज और उपलब्ध करा दी जाएंगी। मंत्रालय ने यह भी बताया कि राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और निजी अस्पतालों के पास अभी उपयोग के लिए 2.30 करोड़ डोज उपलब्ध हैं। अब तक 49.53 करोड़ डोज लगाई जा चुकी हैं।


Next Story