भारत

PM मोदी ने अपने काफिले की गाड़ियां 50 प्रतिशत कम किए

Nil dhankar
13 May 2026 7:48 AM IST
PM मोदी ने अपने काफिले की गाड़ियां 50 प्रतिशत कम किए
x

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकारी खर्चों में कटौती की दिशा में एक बड़ा और अहम कदम उठाया है। पीएम मोदी की पहल पर उनके आधिकारिक काफिले को अब छोटा कर दिया गया है। प्रधानमंत्री ने अपनी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) को यह निर्देश दिया है कि उनके काफिले में शामिल कारों की संख्या को 50 प्रतिशत तक कम करने का प्रयास किया जाए। पीएम मोदी के इस कदम को सरकार के बाकी विभागों और मंत्रियों के लिए भी एक बड़े संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी ने यह भी इच्छा जताई है कि उनके सुरक्षा बेड़े में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जाए। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया है कि इसके लिए कोई भी नई गाड़ी नहीं खरीदी जाएगी, ताकि किसी भी तरह के अतिरिक्त खर्च से बचा जा सके। एसपीजी ने पीएम के इन निर्देशों पर अमल करना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही यह भी ध्यान रखा जा रहा है कि सुरक्षा से जुड़े 'ब्लू बुक' के अनिवार्य दिशानिर्देशों के साथ कोई समझौता न हो। सूत्रों ने बताया कि हाल ही में दिल्ली से बाहर पीएम मोदी के दौरों में उनका काफिला पहले की तुलना में छोटा नजर आया है।

पीएम मोदी ने यह पहल ऐसे समय में की है, जब रविवार को अपने हैदराबाद दौरे पर उन्होंने आम लोगों से ईंधन और सोने की खपत कम करने की अपील की थी। इस घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले लोगों का मानना है कि प्रधानमंत्री का खुद आगे आकर ऐसा करना पूरी सरकार के लिए एक इशारा है कि वे भी जल्द से जल्द इस दिशा में काम करें।

Next Story