
राजस्थान। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार यानी आज राजस्थान के बीकानेर जिले के दौरे पर जा रहे हैं. वे यहां पर पुनर्विकसित देशनोक रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे और 26 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे. यह दौरा ऐसे वक्त हो रहा है, जब बीकानेर से सिर्फ 40 किलोमीटर दूर पाकिस्तान के बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद का मुख्यालय भारतीय कार्रवाई में ध्वस्त किया था. ऐसे में पीएम मोदी की यात्रा को एक मजबूत संदेश के रूप में देखा जा रहा है.
प्रधानमंत्री मोदी 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 86 जिलों में 103 पुनर्विकसित 'अमृत स्टेशनों' का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे, जिन्हें 1100 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है. बयान में कहा गया है कि मंदिर वास्तुकला से प्रेरित, करणी माता मंदिर के पास स्थित पुनर्निर्मित देशनोक स्टेशन को बढ़ी हुई यात्री सुविधाओं के साथ तीर्थयात्रियों की भारी आमद की सेवा के लिए डिज़ाइन किया गया है.
प्रधानमंत्री मोदी देशनोक से बीकानेर-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे, जिससे इस क्षेत्र में यात्री रेल संपर्क को बढ़ावा मिलेगा. बयान में कहा गया है कि 26 हजार करोड़ की परियोजनाएं रेलवे, सड़क, बिजली, जलापूर्ति और नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़ी हैं, जो राजस्थान और उसके बाहर बुनियादी ढांचे और आर्थिक विकास के लिए केंद्र की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं.





