भारत

रन फॉर यूनिटी में लाखों लोगों की भागीदारी, पीएम मोदी ने जताई खुशी

SHIDDHANT
31 Oct 2026 7:48 PM IST
रन फॉर यूनिटी में लाखों लोगों की भागीदारी, पीएम मोदी ने जताई खुशी
x
एकता नगर। गुजरात के एकता नगर में शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को एकता और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि गणतंत्र देश को जनता के प्रति जवाबदेह बनाता है, जबकि एकता राष्ट्र को आगे बढ़ने की शक्ति प्रदान करती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस बार राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन पहले से कुछ अलग है। अब तक मुख्य समारोह सुबह आयोजित किया जाता था, लेकिन इस वर्ष कार्यक्रम में बदलाव करते हुए शाम को सभी एकत्रित हुए हैं। उन्होंने बताया कि सुबह देशभर में लाखों नागरिकों ने 'रन फॉर यूनिटी' में हिस्सा लेकर राष्ट्रीय एकता का संकल्प लिया। प्रधानमंत्री ने इस जनभागीदारी को देश की एकजुटता का प्रतीक बताया।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, "गणतंत्र हमें जनता के प्रति जवाबदेह बनाता है और एकता हमें राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ने की शक्ति देती है।" उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस और राष्ट्रीय एकता दिवस को देशभर में पूरे उत्साह के साथ राष्ट्रीय त्योहारों के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं और सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
एकता नगर में आयोजित समारोह में भव्य एकता परेड का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न राज्यों के पुलिस बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और अन्य सुरक्षा संगठनों ने भाग लिया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की विविधता और एकता को प्रदर्शित किया गया। इससे पहले प्रधानमंत्री ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार पटेल को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने एकता नगर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।
Next Story