भारत

नशे की बढ़ती समस्या पर भावुक हुए पीएम मोदी, कैबिनेट मीटिंग में इसे जड़ से खत्म करने का आह्वान किया

jantaserishta.com
18 Nov 2026 5:40 PM IST
नशे की बढ़ती समस्या पर भावुक हुए पीएम मोदी, कैबिनेट मीटिंग में इसे जड़ से खत्म करने का आह्वान किया
x
नशे के खिलाफ जंग का ऐलान?
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक में नशे की बढ़ती समस्या पर गहरी चिंता जताई. बैठक के दौरान उनका गला भी भर आया. उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना देश की बड़ी जिम्मेदारी है और इस समस्या को जड़ से खत्म करना होगा. प्रधानमंत्री ने कहा, "जब नक्सलवाद खत्म हो सकता है तो नशे की समस्या भी खत्म हो सकती है." उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षा एजेंसियों और सरकार को यह सुनिश्चित करना होगा कि नक्सलवाद की दोबारा वापसी न हो.
बैठक में प्रधानमंत्री ने देश में गरीबी कम होने पर भी चर्चा की. उन्होंने कहा, "जब 2014 में सरकार बनी थी तब सेंट्रल हॉल में मैंने कहा था कि सरकार गरीबों के लिए है." उन्होंने बताया कि आज 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकल चुके हैं. प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि यह उपलब्धि कायम रहनी चाहिए और जो लोग गरीबी से बाहर आए हैं वे दोबारा गरीबी में न जाएं.
प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों को बचत पर विशेष ध्यान देना होगा. उन्होंने कहा कि भारतीय समाज की पहचान बचत की आदत है. "ईट ड्रिंक एंड मेरी पर विश्वास नहीं करते भारतीय." उन्होंने आर्थिक सुरक्षा और वित्तीय सशक्तीकरण को भविष्य की बड़ी आवश्यकता बताया.
करीब साढ़े तीन घंटे चली मंत्रिपरिषद की बैठक में तीन महत्वपूर्ण प्रजेंटेशन दिए गए. एक प्रस्तुति 50 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने की उपलब्धि पर केंद्रित थी. इसमें विश्व बैंक की रिपोर्ट का भी उल्लेख किया गया. वित्त मंत्रालय, आर्थिक मामलों के विभाग, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, मत्स्य पालन समेत 11 मंत्रालयों और विभागों के सचिवों ने बताया कि किस तरह केंद्र सरकार की योजनाओं ने गरीब परिवारों की जिंदगी बदली है.
प्रस्तुति में प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर जल योजना, उज्ज्वला योजना, डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT), डिजिटल पहुंच और बैंकिंग सुविधाओं का उल्लेख किया गया. बताया गया कि इन पहलों ने करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर आने में मदद की.
बैठक में देश को नक्सल मुक्त बनाने के प्रयासों और जनधन योजना के जरिए वित्तीय सशक्तीकरण पर भी प्रस्तुति दी गई. सितंबर में हुई चिंतन बैठक में तय लक्ष्यों और सुधारों की प्रगति की समीक्षा भी की गई. आसियान बैठक से देर रात लौटने के बाद प्रधानमंत्री बुधवार सुबह सीधे भारत मंडपम पहुंचे और बैठक में हिस्सा लिया.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story