भारत

भारत-मालदीव संबंधों की 60वीं वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री मोदी ने मालदीव को दी बधाई

Shantanu Roy
25 July 2025 6:21 PM IST
भारत-मालदीव संबंधों की 60वीं वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री मोदी ने मालदीव को दी बधाई
x
देखें VIDEO...
Maldives. मालदीव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मालदीव की राजधानी माले में आयोजित एक संयुक्त प्रेस वक्तव्य के दौरान मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू से मुलाकात की। यह भेंट दोनों देशों के लिए खास अवसर पर हुई है, क्योंकि भारत और मालदीव इस वर्ष अपने राजनयिक संबंधों की 60वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। साथ ही, मालदीव की स्वतंत्रता के 60 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री मोदी ने मालदीव के राष्ट्रपति और वहां की जनता को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "सभी भारतवासियों की ओर से मैं राष्ट्रपति और मालदीव के लोगों को स्वतंत्रता की 60वीं वर्षगांठ की बधाई देता हूं। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुझे मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने के लिए मैं राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू का हृदय से आभार प्रकट करता हूं।"


उन्होंने आगे कहा कि भारत और मालदीव के संबंध केवल पड़ोसी देशों के नहीं, बल्कि गहरे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक जुड़ाव के भी हैं। "हमारी संबंधों की जड़ें इतिहास से भी पुरानी हैं। आज जो विशेष डाक टिकट जारी किया गया है, वह इस बात का प्रतीक है कि हम केवल पड़ोसी ही नहीं, सहयात्री भी हैं।" दोनों नेताओं ने आपसी सहयोग को और मजबूत करने, क्षेत्रीय सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और विकास परियोजनाओं पर मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। भारत की 'पड़ोसी पहले' नीति के तहत मालदीव को हमेशा प्राथमिकता दी गई है और यह मित्रता भविष्य में और प्रगाढ़ होने की उम्मीद है। संयुक्त प्रेस वार्ता के समापन पर दोनों नेताओं ने हाथ मिलाकर गहरे और स्थायी संबंधों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।
Next Story