PM मोदी के खिलाफ साजिश नाकाम, कार्यक्रम स्थल के पास विस्फोटक सामान बरामद

बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेंगलुरु दौरे से ठीक पहले सुरक्षा में बड़ा सनसनीखेज मामला सामने आया है। कार्यक्रम स्थल के कुछ दूरी पर कम से कम दो जिलेटिन स्टिक बरामद की गई हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह प्रधानमंत्री के आगमन से पहले नियमित सुरक्षा जांच के दौरान कागलीपुरा इलाके में एक आश्रम के पास फुटपाथ के किनारे ये विस्फोटक सामग्री मिली। मुख्य कार्यक्रम स्थल से यह जगह करीब तीन किलोमीटर दूर है।
पुलिस ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर फुटपाथ के किनारे दो जिलेटिन स्टिक बरामद की गईं। घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया। बम निरोधक दस्ता (BDDS) और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। जिलेटिन स्टिक्स के इलाके तक पहुंचने का तरीका और इसके पीछे कोई साजिश तो नहीं है, इसकी गहन जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और भी चाक-चौबंद कर दी गई। अधिकारियों का कहना है कि अभी तक किसी संगठित आतंकी साजिश का कोई संकेत नहीं मिला है, लेकिन जांच हर एंगल पर की जा रही है।





