
x
Delhi दिल्ली। प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) के फैक्ट चेक ने सोशल मीडिया पर फैल रही एक वायरल खबर को पूरी तरह फर्जी बताया है। इस पोस्ट में दावा किया जा रहा था कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) 30 जून 2026 से कागजी मुद्रा (पेपर करेंसी नोट) वापस ले लेगा और उसकी जगह प्लास्टिक (पॉलीमर) करेंसी नोट जारी करेगा। PIB फैक्ट चेक ने अपने आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया है कि यह दावा गलत और भ्रामक है। RBI द्वारा ऐसी किसी भी योजना की घोषणा नहीं की गई है, जिसमें मौजूदा कागजी नोटों को बंद कर प्लास्टिक नोटों से बदलने की बात कही गई हो।
PIB ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें और न ही इन्हें आगे साझा करें। साथ ही, उन्होंने कहा कि किसी भी वित्तीय या नीतिगत बदलाव से जुड़ी जानकारी केवल RBI या सरकार के आधिकारिक स्रोतों से ही सत्यापित करें। फैक्ट चेक में यह भी कहा गया कि सोशल मीडिया पर अक्सर आर्थिक नीतियों को लेकर गलत सूचनाएं फैलाई जाती हैं, जिससे लोगों में भ्रम और अनावश्यक चिंता पैदा होती है। इसलिए जरूरी है कि लोग सतर्क रहें और केवल प्रमाणिक जानकारी पर भरोसा करें। सरकारी एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि देश में वर्तमान मुद्रा प्रणाली सामान्य रूप से जारी रहेगी और किसी भी तरह के अचानक बदलाव की कोई योजना नहीं है।
Next Story





