भारत
पेट्रोल पंप मैनेजर की गोली मारकर हत्या, बोतल में पेट्रोल देने से मना करने पर हमला
jantaserishta.com
10 April 2025 11:07 AM IST

x
सनसनीखेज वारदात.
बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के जौली गांव के पास सिकंदराबाद-जेवर स्टेट हाइवे पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर देर रात सनसनीखेज वारदात हुई। बाइक सवार दो हथियारबंद हमलावरों ने पंप मैनेजर राजू शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना बोतल में पेट्रोल देने से मना करने को लेकर हुए विवाद के बाद हुई। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, बीती रात दो लोग बाइक से पेट्रोल पंप पर आए। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल में 200 रुपये का पेट्रोल डलवाया। इसके बाद उन्होंने पंप कर्मियों से एक खाली बोतल में भी पेट्रोल देने की मांग की। पंप के सेल्समैन ने सुरक्षा नियमों का हवाला देते हुए बोतल में पेट्रोल देने से इनकार कर दिया। इस बात पर दोनों हमलावरों और पंप कर्मियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर पंप मैनेजर राजू शर्मा ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। इससे नाराज हमलावरों ने राजू पर ताबड़तोड़ गोली चला दी। गोली लगने से घायल राजू को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने बताया कि पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है।
एसएसपी ने कहा, "दोनों हमलावरों ने पहले मोटरसाइकिल में तेल डलवाया, फिर बोतल में पेट्रोल मांगा। मना करने पर विवाद हुआ और मैनेजर पर गोली चला दी गई। हमलावर फरार हो गए हैं, लेकिन उनकी तलाश के लिए टीमें बनाई गई हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"
इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पेट्रोल पंप पर ऐसी वारदात पहली बार हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पंप कर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की पूरी वजह का पता लगाया जा सके। एसएसपी ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और आश्वासन दिया कि आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।
Tagsपेट्रोल पंप मैनेजरपेट्रोल पंप मैनेजर हत्याहत्याबोतल में पेट्रोलpetrol pump managerpetrol pump manager murdermurderpetrol in bottle
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





