
x
दहशत का माहौल
ढाका। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में लगातार हो रहे देसी बम विस्फोट और आगजनी की घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। 9 नवंबर को राजधानी के कई इलाकों में धमाकों की खबरें सामने आईं। पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। लगातार हो रही घटनाओं के बाद राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, ढाका विश्वविद्यालय के टीचर-स्टूडेंट सेंटर (TSC) के पास देसी बम विस्फोट हुआ। इसके अलावा जिला न्यायाधीश अदालत के सामने और श्यामपुर इलाके में भी धमाकों की घटनाएं सामने आईं। शांतो-मरियम यूनिवर्सिटी, वर्ल्ड यूनिवर्सिटी और साउथईस्ट यूनिवर्सिटी के आसपास भी विस्फोटों की सूचना मिली है। इसी बीच फार्मगेट मेट्रो रेल स्टेशन के नीचे एक बस में आग लगा दी गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा बढ़ाई गई।
ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस के मुताबिक, अलग-अलग इलाकों में हुए विस्फोटों और पुलिस को निशाना बनाने की घटनाओं के संबंध में 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस संदिग्धों की पहचान करने और घटनाओं में शामिल अन्य लोगों को पकड़ने के लिए कार्रवाई कर रही है।
लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए ढाका में 250 चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। प्रमुख सड़कों और चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ाई गई है। संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली जा रही है। पुलिस ने लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी और गश्त तेज कर दी है। धमाकों के पीछे जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।
Next Story





