
दिल्ली। पेट्रोल-डीजल के दाम में आज बढ़ोतरी हो गई है। दिल्ली में पेट्रोल 3 रुपये और डीजल भी तीन रुपये ही बढ़े हैं। इंडियन ऑयल द्वारा जारी नए रेट के मुताबिक दिल्ली में पेट्रोल आज से 97.77 रुपये लीटर हो गया है। जबकि डीजल 90.67 रुपये लीटर हो गया है। इससे पहले यहां डीजल 87.67 रुपये और पेट्रोल 94.77 रुपये लीटर बिक रहा था।
आखिर वही हुआ, जिसका डर था। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ गए। वैसे तो दाम बढ़ने के कयास चुनाव से पहले ही लगाए जा रहे थे कि चुनाव बाद पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ेंगे, क्योंकि दुनिया के अधिकांश देशों में पेट्रोल-डीजल के दाम में बहुत अधिक बढ़ोतरी हो चुकी है और भारत अबतक शांत था। रविवार और सोमवार को पीएम मोदी की ईंधन की खपत कम करने की अपील से यह लगने लगा था कि दाम बढ़ेंगे। आज 2022 के बाद पहली बार पेट्रोल-डीजल के दाम में इजाफा हुआ है।
पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मंगलवार को बताया था कि कच्चे तेल कीमतों में तेज उछाल और अंडर रिकवरी के चलते ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को रोजाना लगभग 1,000 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है। यह अंडर रिकवरी लगभग 1.98 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि तिमाही घाटा करीब 1 लाख करोड़ रुपये है। दूसरी ओर क्रूड ऑयल के दाम पहले के 64-65 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर लगभग 115 डॉलर पर पहुंच गए हैं। पुरी ने यह भी बताया कि भारत दुनिया का एकमात्र ऐसा देश है, जिसने 2022 के बाद से ईंधन की कीमतें नहीं बढ़ाई हैं।





