
x
बिलासपुर। गोबिंदसागर झील की सिल्ट में आज भी लाखों लोगों की आस्था दबी हुई है। करीब सात दशक पहले भाखड़ा बांध बनने के कारण पुराने बिलासपुर शहर के साथ जलमग्न हुए ऐतिहासिक मंदिर आज भी अपने स्थायी ठिकाने का इंतजार कर रहे हैं। हर साल गर्मियों में झील का जलस्तर घटने पर इन मंदिरों के अवशेष दिखाई देने लगते हैं, लेकिन मानसून आते ही ये दोबारा पानी में समा जाते हैं। इन प्राचीन मंदिरों को झील से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर स्थापित करने की योजनाएं भी अब तक सिरे नहीं चढ़ पाई हैं।
ऐतिहासिक मंदिरों को स्थानांतरित करने के लिए करीब 1450 करोड़ रुपए की योजना तैयार की गई थी। एशियाई विकास बैंक (एडीबी) के माध्यम से इस परियोजना को आगे बढ़ाने के प्रयास हुए। योजना के तहत मिट्टी की जांच भी करवाई गई और इसके सैंपल जांच के लिए भेजे गए, जिनके परिणाम भी सकारात्मक रहे। इस प्रक्रिया पर करीब छह करोड़ रुपए खर्च होने के बावजूद परियोजना अभी तक आगे नहीं बढ़ पाई है। वर्ष 2019 में इंडियन ट्रस्ट फॉर रूरल हेरिटेज डिवेलपमेंट के विशेषज्ञों ने बिलासपुर के सांडू क्षेत्र से मंदिरों में इस्तेमाल किए गए पत्थरों के सैंपल लिए थे। इसके अलावा मंदिरों को स्थापित करने के लिए बंदला रोड पर काला बाबा कुटिया के पास करीब 28 बीघा जमीन भी चिह्नित की गई थी, लेकिन यह प्रयास भी अभी तक परिणाम तक नहीं पहुंच पाया है।
Next Story





