भारत

रांची में दो कारोबारियों की हत्या के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग, कई जगहों पर जाम

jantaserishta.com
24 Nov 2022 2:08 PM IST
रांची में दो कारोबारियों की हत्या के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग, कई जगहों पर जाम
x
बाद में पुलिस-प्रशासन के स्थानीय अफसरों के समझाने-बुझाने के बाद लोगों ने जाम हटा लिया।
रांची (आईएएनएस)| रांची के दो अलग-अलग इलाकों में दो जमीन कारोबारियों की हत्या के खिलाफ गुरुवार को लोगों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने दो-तीन जगहों पर सड़कें जाम कीं, जिसकी वजह से दो-ढाई घंटे तक आम लोगों को परेशान होना पड़ा। शहर के बरियातू थाना क्षेत्र के एदलहातू में जमीन कारोबारी धवन राम को बुधवार की शाम अपराधियों ने कई गोलियां मारी थीं, जिनकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई। गोलीबारी में धवन राम का दोस्त भोला सिंह भी जख्मी हो गया, जिसे इलाज के लिए रिम्स में दाखिल कराया गया है।
गुरुवार को एदलहातू में अहले सुबह से लोग इस वारदात के खिलाफ सड़क पर निकल आए। उन्होंने इस इलाके की सभी सड़कों और गलियों को लगभग दो घंटे तक जाम किए रखा। लोगों ने सवाल खड़ा किया कि बरियातू में पुलिस टीओपी के सामने अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया और पुलिस कुछ भी नहीं कर पाई। इससे पता चलता है कि अपराधी कितने बेखौफ हैं और पुलिस कितनी सुस्त। हालांकि पुलिस का दावा है कि इस हत्याकांड में शामिल अपराधियों का सुराग मिल गया है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उधर, रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र के ललगुटवा में भी जमीन कारोबारी सूरज महली की हत्या बुधवार को गोली मारकर कर दी गई। इसके विरोध में लोग कटहल मोड़ में रांची-गुमला हाइवे पर उतर आए और मारे गए कारोबारी का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन करने लगे। लोग आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सड़क जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी थी। बाद में पुलिस-प्रशासन के स्थानीय अफसरों के समझाने-बुझाने के बाद लोगों ने जाम हटा लिया।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story