भारत

'शांति कभी मुफ्त नहीं मिलती, इसे कमाया जाता है', गौतम अदाणी ने 'ऑपरेशन सिंदूर' की सराहना की

jantaserishta.com
24 Jun 2025 1:04 PM IST
शांति कभी मुफ्त नहीं मिलती, इसे कमाया जाता है, गौतम अदाणी ने ऑपरेशन सिंदूर की सराहना की
x
अहमदाबाद: अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने मंगलवार को 'ऑपरेशन सिंदूर' को सफलतापूर्वक अंजाम देने के लिए भारतीय सशस्त्र बलों की सराहना करते हुए कहा कि उनके साहस ने हमें याद दिलाया कि शांति कभी मुफ्त नहीं मिलती, बल्कि अर्जित की जाती है।
अदाणी एंटरप्राइजेज की सालाना आम बैठक (एजीएम) को संबोधित करते हुए चेयरमैन ने कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान, हमारे बहादुर पुरुष और महिला सैनिक वर्दी में खड़े थे। वे वर्दी में प्रसिद्धि और पदकों के लिए नहीं, बल्कि कर्तव्य के लिए खड़े थे।
अदाणी समूह के शेयरधारकों की 33वीं सालाना आम बैठक को संबोधित करते हुए उद्योगपति ने कहा, "उनके साहस ने हमें याद दिलाया कि शांति कभी भी मुफ्त में नहीं मिलती, इसे अर्जित किया जाता है। इसी के साथ सपने देखने, निर्माण करने और नेतृत्व करने की स्वतंत्रता उन लोगों के कंधों पर मजबूती से टिकी है जो रक्षा करते हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "ऑपरेशन सिंदूर ने दिखाया कि भारत शांति की कीमत जानता है। लेकिन अगर कोई हमें आंख दिखाता है, तो हम उसको उसी भाषा में जवाब देना जानते हैं।" पिछले महीने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाने के लिए 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया गया था।
गौतम अदाणी ने कहा, "मैं आज यहां एक अध्यक्ष के रूप में नहीं, बल्कि एक नागरिक के रूप में खड़ा हूं। मैं हमारी सीमाओं, हमारे परिवारों और हमारी गरिमा की रक्षा करने वालों के मौन बलिदानों के प्रति सम्मान व्यक्त करता हूं।"
उन्होंने कहा कि अदाणी डिफेंस के ड्रोन भी 'ऑपरेशन सिंदूर' का हिस्सा थे। गौतम अदाणी ने कहा, "जहां तक ​​अदाणी डिफेंस की बात है, तो ऑपरेशन सिंदूर ने आह्वान किया और हमने इसे पूरा किया। हमारे ड्रोन ने आसमान में आंख की तरह काम किया और हमले के दौरान तलवार भी बन गए।"
उन्होंने आगे कहा, "हमारे एंटी-ड्रोन सिस्टम ने हमारे सशस्त्र बलों और नागरिकों की रक्षा करने में मदद की। जैसा कि मैंने हमेशा माना है, हम सुरक्षित क्षेत्रों में काम नहीं करते हैं। हम वहां काम करते हैं, जहां भारत को हमारी सबसे ज्यादा जरूरत है।"
अदाणी समूह के चेयरमैन ने 12 जून को अहमदाबाद में एयर इंडिया के बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान दुर्घटना के पीड़ितों को भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, "हम एयर इंडिया के विमान की दुखद घटना में मारे गए लोगों के लिए दुख में अपना सिर झुकाते हैं। कई सपने एक पल में हमेशा के लिए खामोश हो गए।"
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story