भारत

नक्शा सुधारने के नाम पर मांगी 60 हजार की रिश्वत, पटवारी और कोटवार गिरफ्तार

SHIDDHANT
27 Nov 2026 9:03 PM IST
नक्शा सुधारने के नाम पर मांगी 60 हजार की रिश्वत, पटवारी और कोटवार गिरफ्तार
x
जमीन के नक्शे में सुधार के नाम पर रिश्वतखोरी का खुलासा
मध्य प्रदेश। आगर मालवा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। जमीन के नक्शे में सुधार कराने के नाम पर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते पटवारी प्रहलाद सिंह भिलाला और कोटवार संजय कुम्भकार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि दोनों ने शिकायतकर्ता से 60 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी, जिसमें से 30 हजार रुपये पहले ही वसूल चुके थे। जानकारी के अनुसार, आगर के राम मालीपुरा निवासी आशुतोष चौहान के बड़े पिता चिंतामण चौहान की जमीन के नक्शे में त्रुटि थी। नक्शे में सुधार कराने के लिए एसडीएम कार्यालय में आवेदन दिया गया था। आरोप है कि इस काम के बदले पटवारी और कोटवार ने मिलकर 60 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, दोनों आरोपी पहले ही 30 हजार रुपये ले चुके थे। इसके बाद शेष रकम में से 10 हजार रुपये की अगली किस्त देने की बात तय हुई थी। रिश्वत की मांग से परेशान आशुतोष चौहान ने उज्जैन लोकायुक्त एसपी से मामले की शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त की टीम ने आरोपों का सत्यापन कराया और दोनों आरोपियों को पकड़ने की योजना बनाई। शुक्रवार को शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम लेकर आगर बस स्टैंड के समीप मालिखेड़ी रोड स्थित एक कंप्यूटर दुकान पर पहुंचा।
जैसे ही आरोपियों ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये लिए, लोकायुक्त की टीम ने दबिश देकर दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम कोटवार संजय कुम्भकार की पैंट की जेब से बरामद की गई। उज्जैन लोकायुक्त के डीएसपी दिनेशचंद पटेल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। टीम में निरीक्षक हीना डावर सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। लोकायुक्त की इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। जमीन के नक्शे में सुधार जैसे सरकारी कार्य के लिए रिश्वत मांगने के मामले ने एक बार फिर सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ लोकायुक्त की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Next Story