भारत

कूपर अस्पताल में मरीज के परिजनों का हंगामा, डॉक्टरों पर हमला

SHIDDHANT
8 Nov 2025 8:40 PM IST
कूपर अस्पताल में मरीज के परिजनों का हंगामा, डॉक्टरों पर हमला
x
Mumbai मुंबई। महाराष्ट्र के मुंबई स्थित कूपर सरकारी अस्पताल में शुक्रवार देर रात एक बेहद चौंकाने वाली घटना हुई। आपातकालीन विभाग में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों पर मरीज के रिश्तेदारों ने हमला कर दिया, जिससे अस्पताल में हड़कंप मच गया। जुहू पुलिस स्टेशन ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब एक बजे एक गंभीर मरीज को अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन मरीज की हालत बहुत खराब थी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद मरीज के परिजन गुस्से में आ गए और डॉक्टरों को ही जिम्मेदार ठहराने लगे।

स्थिति इतनी बिगड़ गई कि परिजनों ने आपातकालीन विभाग में घुसकर वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों से मारपीट की। बताया जा रहा है कि तीन डॉक्टर इस हमले में घायल हो गए। मौके पर मौजूद अन्य स्टाफ ने किसी तरह बीच-बचाव कर डॉक्टरों को बचाया। घायल डॉक्टरों का अस्पताल में ही इलाज किया गया और फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि आपातकालीन विभाग में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने मरीज के परिजनों को सहमति पत्र पर हस्ताक्षर करने के लिए बुलाया, लेकिन बिना कुछ पूछे वे सीधे अंदर आ गए और ड्यूटी पर मौजूद आपातकालीन चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) और रेजिडेंट डॉक्टर की पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद बीच बचाव के लिए आए अन्य रेजिडेंट डॉक्टर की भी पिटाई कर दी।

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी अचानक से डॉक्टर पर हमला कर देता है। इस दौरान जो लोग भी बीच बचाव के लिए आते हैं, उन पर भी वो हमला करते हैं। फिर किसी तरह मौके पर मौजूद गार्ड ने स्थिति को नियंत्रण में लिया। हमले की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को खबर दी। इसके बाद जुहू पुलिस स्टेशन में आरोपी समीर अब्दुल जब्बार शैख के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामला गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
Next Story