
x
परिवार में पसरा मातम
फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में धनतेरस की रात एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सेक्टर-21C में पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति की उसके ही पड़ोसी ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान परमीत धनखड़ के रूप में हुई है। वह सिंगापुर की एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे और अपने भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए महज दो दिन पहले ही भारत लौटे थे। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन पड़ोसी की कथित अंधाधुंध फायरिंग ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
भतीजे की शादी में शामिल होने आया था परमीत
जानकारी के मुताबिक, परमीत धनखड़ मूल रूप से हिसार के रहने वाले थे और वर्तमान में सिंगापुर में नौकरी कर रहे थे। उनके भतीजे की शादी 24 नवंबर को होने वाली थी। इसी समारोह में शामिल होने के लिए वह दो दिन पहले ही फरीदाबाद स्थित अपने घर पहुंचे थे। परिवार के साथ शादी की तैयारियों में शामिल होने की उनकी योजना थी, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। परमीत सेक्टर-21C स्थित मकान नंबर 641 की पहली मंजिल पर अपनी पत्नी, बेटे और बेटी के साथ रहते थे। घटना वाली रात वह जिम में वर्कआउट करने के बाद करीब आठ बजे घर लौटे थे।
पार्किंग विवाद के बाद शुरू हुई कहासुनी
बताया जा रहा है कि उसी मकान की तीसरी मंजिल पर रहने वाले पड़ोसी मोहन उर्फ मोनू शर्मा के साथ परमीत की गाड़ी की पार्किंग को लेकर बहस हो गई। पुलिस पालतू कुत्ते को लेकर हुए विवाद के पहलू की भी जांच कर रही है। दोनों परिवारों के बीच पहले से ही तनाव और कहासुनी होने की बात सामने आई है। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मोहन उर्फ मोनू शर्मा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली और परमीत पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
15 से 16 राउंड फायरिंग, मौके पर मौत
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने करीब 15 से 16 राउंड गोलियां चलाईं। इनमें से 8 से 9 गोलियां परमीत को लगीं। गोलीबारी की आवाज से पूरी सोसायटी में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल परमीत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद उनकी पत्नी, बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पांच दिन पहले बेटे से भी हुई थी अभद्रता
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात भी सामने आई है कि घटना से करीब पांच दिन पहले आरोपी मोहन ने परमीत के बेटे के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया था और उसे गाली दी थी। दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस अब पुरानी रंजिश और पार्किंग विवाद सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
परिवार सहित फरार हुआ आरोपी
वारदात के बाद आरोपी मोहन उर्फ मोनू शर्मा अपने परिवार के साथ घर पर ताला लगाकर फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद सूरजकुंड थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। जांच के दौरान पुलिस ने मौके से खाली कारतूस और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी ने लाइसेंसी हथियार से 15 से अधिक राउंड फायर किए थे। आरोपी और उसके परिवार की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Next Story





