भारत

पैरा ओलंपिक खिलाड़ी चिराग त्यागी का शव मिला, पीठ में लगी गोली...

SHIDDHANT
30 May 2026 11:21 PM IST
पैरा ओलंपिक खिलाड़ी चिराग त्यागी का शव मिला, पीठ में लगी गोली...
x
हत्या
Ghaziabad गाजियाबादल: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित साईं उपवन में पैरा ओलंपिक खिलाड़ी चिराग त्यागी का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। प्रारंभिक जांच में उनके शरीर पर गोली लगने के निशान मिले हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, चिराग त्यागी अंतरराष्ट्रीय स्तर के पैरा एथलीट थे और 100 मीटर तथा 400 मीटर दौड़ में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके थे। हाल ही में उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया था और एशियन पैरा गेम्स के लिए भी क्वालीफाई किया था। उनका शव शनिवार को थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के साईं उपवन इलाके में मिला।
पुलिस के अनुसार, चिराग सुबह घर से निकले थे और हॉस्टल जाने की बात कही थी। बाद में उनका शव बरामद हुआ। मौके पर एसीपी उपासना पांडे सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंचे और जांच शुरू की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है और विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। मामले में परिजनों, कोच और उनके परिचितों से पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
डीसीपी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल भेजा गया। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत होता है और एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस घटना ने खेल जगत में शोक की लहर फैला दी है, क्योंकि चिराग त्यागी ने हाल ही में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक जीते थे।
Next Story