भारत

12 फीट लंबे अजगर से दहशत, नीलगाय के बच्चे को निगला

jantaserishta.com
28 Sept 2026 6:12 PM IST
12 फीट लंबे अजगर से दहशत, नीलगाय के बच्चे को निगला
x
वीडियो हुआ वायरल.
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक विशाल अजगर ने पूरे गांव में ऐसा खौफ पैदा किया कि लोग अपने बच्चों और पालतू जानवरों को लेकर घरों में दुबक गए. करीब 12 फीट लंबा अजगर खेतों से निकलकर सीधे आबादी की ओर पहुंच गया. ग्रामीणों ने जब उसे देखा तो खेतों में काम कर रहे लोग दूर भागने लगे. देखते ही देखते गांव में अजगर के पहुंचने की खबर फैल गई और लोग दहशत में आ गए.
मामला गंगापार के थरवई थाना क्षेत्र के इमलहिया गांव का है. ग्रामीणों के मुताबिक अजगर करीब 12 फीट लंबा था और उसका वजन भी काफी अधिक था. अजगर को आबादी की तरफ बढ़ता देख ग्रामीणों ने सबसे पहले बच्चों को घरों के अंदर कर दिया. बकरी-बकरे समेत दूसरे पालतू पशुओं को भी सुरक्षित जगहों पर हटा दिया गया.
इसी बीच अजगर की नजर करीब 20 किलो के नीलगाय के बच्चे पर पड़ी. उसने बच्चे को अपनी पकड़ में जकड़ लिया. ग्रामीण दूर खड़े होकर यह खौफनाक मंजर देखते रहे. कुछ देर तक जकड़ने के बाद अजगर ने करीब 6 मिनट में नीलगाय के बच्चे को धीरे-धीरे निगल लिया. इस दौरान किसी की भी अजगर के करीब जाने की हिम्मत नहीं हुई.
ग्रामीणों ने मोबाइल फोन से पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया. वीडियो में विशाल अजगर और उसके आसपास खड़े लोगों को देखा जा सकता है. घटना के बाद गांव में कई घंटे तक डर का माहौल बना रहा. लोग अजगर के दोबारा किसी घर या पशु की तरफ जाने को लेकर आशंकित रहे.
हैरानी की बात यह रही कि करीब 42 मिनट बाद अजगर ने नीलगाय के बच्चे को उगल दिया. इसके बाद भी ग्रामीण काफी देर तक मौके से दूर खड़े रहे. बताया गया कि करीब 6 घंटे तक गांव में अजगर को लेकर दहशत बनी रही.
ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और वन विभाग को सूचना दी. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानी से अजगर को पकड़ लिया. टीम ने उसे सुरक्षित तरीके से बोरे में बंद किया और मौके से ले गई. अजगर के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story