भारत
पत्रकार का शव मिलने से इलाके में हड़कंप, पुलिस की परिजनों से हुई नोकझोंक
jantaserishta.com
6 Jan 2025 11:09 AM IST

x
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
उन्नाव: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में एक यूट्यूब चैनल के पत्रकार का शव कमरे के अंदर फांसी पर लटका मिला. जैसे ही परिजनों को इसकी खबर हुई घर में कोहराम मच गया. मृतक के परिजनों ने स्थानीय सभासद समेत अन्य पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा. वहीं, सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस की परिजनों से नोकझोंक हो गई.
फिलहाल, फोरेंसिक टीम के साथ जांच कर रही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रथम दृष्टया पुलिस इसे सुसाइड मानकर चल रही है. हालांकि, हर पहलू से जांच की जा रही है.
बता दें कि ये मामला गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के श्रीनगर का है, जहां एक यूट्यूब चैनल के पत्रकार शुभम शुक्ला का शव कमरे में फांसी पर लटका मिला है. शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया. परिजनों ने हंगामा करते हुए हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है. उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मामले की जांच में जुट गई है. इसी दौरान परिजन और कोतवाल की थोड़ी बहुत नोकझोंक भी हो गई.
परिजनों ने क्षेत्र के सभासद और उसके साथियों पर आरोप लगाया है कि वे लोग मुकदमा वापस लेने के लिए मृतक और उसके भाइयों को आए दिन धमका रहे थे. दरअसल, मृतक पत्रकार के घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर उसके भाइयों के द्वारा ई रिक्शा चार्जिंग पॉइंट बनाया गया था. इसी चार्जिंग पॉइंट के कमरे से शुभम का शव रस्सी से लटका मिला है. आरोप है कि यहां उसे मार कर लटकाया गया है.
मृतक के बड़े भाई नीरज शुक्ला ने बताया कि कुछ महीने पहले शुभम एक बर्थडे पार्टी में गया था. वहां पर झगड़ा हो गया था. हमलावरों ने शुभम की इस कदर पिटाई की थी कि वह कई हफ्तों तक जिला अस्पताल में भर्ती रहा था. मामले में मुकदमा दर्ज करवाया गया था. थाने से लेकर एसपी तक शिकायत की गई थी, पर कोई ठोस एक्शन नहीं हुआ. सिर्फ जांच का आश्वासन ही दिया जाता रहा. गिरफ्तारी तक नहीं की गई. उल्टे आरोपी सभासद की तरफ से धमकियां मिल रही थीं.
मृतक पत्रकार के दूसरे भाई सूरज शुक्ला ने बताया कि घटना वाले दिन शुभम को कई कॉल किए पर उसका फोन नहीं उठा. जब कमरे में आकर देखा तो उसका शव लटका हुआ था. लगातार फोन पर धमकियां मिल रही थीं कि मुकदमा वापस ले लो. इसकी शिकायत कई अधिकारियों के यहां की गई पर कोई सुनवाई नहीं हुई. आखिर में ये हो गया.
फिलहाल, सूचना पर पहुंची पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ जांच पड़ताल में जुट गई है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस प्रथम दृष्टया इसको सुसाइड मानकर चल रही है. फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने का इंतजार है.
Tagsपत्रकारपत्रकार शवपत्रकार शुभम शुक्लाशुभम शुक्लाJournalistJournalist dead bodyJournalist Shubham ShuklaShubham Shukla
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





