भारत

सुसाइड ड्रोन्स दाग रहा पाकिस्तान, जम्मू-पठानकोट के लोगों को बंकरो में सुरक्षित लाया गया

Nil dhankar
9 May 2025 7:53 AM IST
सुसाइड ड्रोन्स दाग रहा पाकिस्तान, जम्मू-पठानकोट के लोगों को बंकरो में सुरक्षित लाया गया
x

जम्मू। पाकिस्तान ने लगातार दूसरे दिन गुरुवार रात जम्मू-कश्मीर, पंजाब और राजस्थान में ड्रोन और मिसाइल से हमले किए। भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए डिफेंस सिस्टम S-400 से ड्रोन्स-मिसाइल मार गिराईं। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, भारत ने LoC और इंटरनेशनल बॉर्डर (IB) पर पाकिस्तान के 50 से ज्यादा ड्रोन गिराए हैं। इसके अलावा भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने पठानकोट में पाकिस्तान के फाइटर जेट को मार गिराया। हालांकि, सरकार की तरफ से इसकी पुष्टि नहीं हुई है। जम्मू और पठानकोट पर सुसाइड ड्रोन्स से हमला हुआ। पाकिस्तानी ड्रोन्स ने जम्मू एयरपोर्ट और पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन को निशाना बनाया। इसे भी भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने नाकाम कर दिया।

ऑपरेशन सिंदूर के अगले दिन यानी 7 मई की रात पाकिस्तान ने भारत के 15 से ज्यादा सैन्य ठिकानों पर हमले की कोशिश की थी। भारत ने रूस से मिले S-400 डिफेंस सिस्टम के जरिए इस हमले को नाकाम कर दिया। जवाबी कार्रवाई में भारत ने 8 मई सुबह पाकिस्तान का एयर डिफेंस सिस्टम तबाह कर दिया।

इसके लिए इजराइल से मिले हार्पी ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार दोपहर 2.30 बजे बताया कि पाकिस्तान ने उत्तर और पश्चिम भारत के शहरों को भी निशाना बनाया। इस दौरान अवंतिपोरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, बठिंडा, चंडीगढ़, नाल, फलोदी, उत्तरलाई और भुज में ड्रोन्स और मिसाइलें दागी गई थीं। इन्हें भी नाकाम कर दिया गया।


Next Story
null