पाकिस्तान ने रविवार तड़के दावा किया कि उसने अफगानिस्तान बॉर्डर के पास आतंकियों के ठिकानों पर टारगेट हमले किए हैं. पाकिस्तान का दावा है कि इन हमलों में उन आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाया गया है, जो पाकिस्तान के भीतर हालिया फिदायीन हमलों के लिए जिम्मेदार थे. बताया जा रहा है इन एयरस्ट्राइकों में कई लोगों की मौत भी हुई है.
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने रविवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर जानकारी दी कि सेना ने तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और उसके सहयोगी संगठनों के सात कैंपों पर इंटेलिजेंस-आधारित चयनात्मक ऑपरेशन किए हैं. उन्होंने यह भी कहा कि सीमा क्षेत्र में इस्लामिक स्टेट से जुड़े एक गुट पर भी कार्रवाई की गई.
हालांकि पाकिस्तान ने यह स्पष्ट नहीं किया कि हमले किस सटीक स्थान पर किए गए. सोशल मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि हमले अफगानिस्तान के भीतर हुए हैं. इस हमले को लेकर अफगान सरकार का बयान भी सामने आया है. अफगान सरकार ने कहा कि पाकिस्तान ने मदरसे पर हमला किया है. साथ ही दावा किया कि इन हमलों में 19 आम लोगों की मौत हुई है. अफगानिस्तान ने हमले का बदला लेने की बात भी कही है.





