भारत

बस की ठोकर से 4 युवकों की दर्दनाक मौत, निकले थे पिकनिक मनाने

Admin2
22 July 2021 3:32 PM GMT
बस की ठोकर से 4 युवकों की दर्दनाक मौत, निकले थे पिकनिक मनाने
x
बड़ा हादसा

नालंदा जिले के राजगीर कुंड परिसर के आगे एनएच 120 पर गुरुवार को जरा देवी मंदिर के सामने भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। यात्री बस ने बाइक में जोरदार धक्का मार दिया। टक्कर से बाइक के परखच्चे उड़ गये। तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि चौथे ने पावापुरी विम्स में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सभी युवक राजगीर के ही रहने वाले थे। मृतकों की पहचान तुलसी गली निवासी स्व. योगेन्द्र गोस्वामी के 25 वर्षीय पुत्र राजू कुमार, विजय प्रसाद के 22 वर्षीय पुत्र दीपू कुमार, बस स्टैंड के पास रहने वाले स्व. वीरेन्द्र प्रसाद के 24 वर्षीय पुत्र राजन कुमार और सिनेमा हॉल के पास रहने वाले ओमप्रकाश चौधरी के 25 वर्षीय पुत्र शैलेश कुमार के रूप में की गयी है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करा परिजन के हवाले कर दिया है।

परिजनों की मानें तो सुबह सभी दोस्त पिकनिक मनाने घर से निकले थे। शाम को उन्हें दुर्घटना की खबर मिली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक बाइक पर सवार होकर जरा देवी मंदिर से जयप्रकाश उद्यान की ओर बढ़े थे। तभी, गया की ओर से आ रही यात्री बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में राजू, दीपू और राजन की मौके पर ही मौत हो गयी। शैलेश को इलाज के लिए विम्स रेफर किया गया। वहां उसकी मौत हो गयी। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि चालक बस लेकर भाग निकला। उसकी तलाश की जा रही है।

नई बाइक ने चार युवकों की जान ले ली। लोगों ने बताया कि दीपू ने नई बाइक खरीदी थी। गुरुवार को ही बाइक का नंबर मिला था। उसी पर सवार होकर दोस्त पिकनिक मनाने निकले थे। किसे पता था कि नई बाइक युवकों के लिए काल बन जाएगी। हादसे की खबर मिलते ही राजगीर में हाहाकार मच गया। मृतकों के परिजन बदहवास होकर इधर-उधर भाग रहे थे। लोगों की भीड़ एक दूसरे से घटना के बारे में पूछ रही थी। अस्पताल में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो टक्कर के बाद बाइक उछलकर झाड़ियों में गिर गयी। बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बस के शीशे बिखर गये। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने चारों को लेकर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंची। वहां चिकित्सक ने तीन को मृत घोषित कर दिया। चौथे ने विम्स में दम तोड़ा। मृतकों के परिजनों के चीत्कार से अस्पताल परिसर गूंज उठा।

Next Story