भारत

पान दुकानदार को आया डेढ़ लाख का बिजली बिल, परेशान होकर किया सुसाइड

Nil dhankar
18 Jun 2026 6:32 AM IST
पान दुकानदार को आया डेढ़ लाख का बिजली बिल, परेशान होकर किया सुसाइड
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। गाजीपुर के एक गांव में एक पान दुकानदार की आत्महत्या को लेकर बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर, विजिलेंस के दरोगा और सिपाही समेत कुल तीन लोगों पर नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ अज्ञात में एफआईआर दर्ज हो गई है। पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में उनके खिलाफ ऐक्शन शुरू कर दिया है। पान दुकानदार की आत्महत्या को लेकर बुधवार को पूरे दिन बिजली विभाग में हड़कंप मचा रहा। वहीं बुधवार रात में डीएम ने अमीन संतोष कुमार पाण्डेय को सस्पेंड कर दिया।गाजीपुर की मिर्जापुर ग्राम सभा के मुरादचक गांव में रहने वाले पान विक्रेता सुरेंद्र कश्यप ने 1.85 लाख के बिजली बिल से परेशान होकर सोमवार को आत्महत्या कर ली थी। सुरेंद्र के पास से दो पंक्तियों का सुसाइड नोट भी मिला था, जिसमें बिजली विभाग पर परेशान करने का आरोप लगाया था। मंगलवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। मंगलवार देर रात मृतक के बेटे सूरज कश्यप की तहरीर पर जेई दीपक कुमार, दरोगा उदयभान, हेड कांस्टेबल कैलाश भारती और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मिर्जापुर ग्राम सभा के मुरादचक गांव में पान दुकानदार सुरेंद्र कश्यप के आत्महत्या मामले की जांच शुरू हो गई है। सुरेंद्र के बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। केस दर्ज होने के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मचा गया है। मंगलवार को पान दुकानदार के घर पहुंचे जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने भी परिवार को हर संभव मदद और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया था।

मंगलवार देर रात पुलिस को दी तहरीर में सुरेंद्र का बेटा सूरज कश्यप ने आरोप लगाया था कि पिछले साल सितंबर में जेई दीपक कुमार, दरोगा उदयभान, हेड कांस्टेबल कैलाश भारती और विजिलेंस टीम के अन्य सदस्य उनके घर आए थे। टीम ने उनके पिता के नाम पर चल रहे एक किलोवाट के घरेलू कनेक्शन पर गलत तरीके से बिजली इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए 65,190 रुपये का जुर्माना लगा दिया था। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण उनके पिता यह जुर्माना नहीं भर पाए। इसके कुछ ही दिनों बाद इस मामले में उनके पिता के नाम पर 1 लाख 12 हजार 225 रुपये की आरसी काट दी गई। इसके बाद से ही उनके पिता मानसिक रूप से परेशान रहने लगे थे। बीते सोमवार की सुबह उन्होंने आत्महत्या कर ली। इस संबंध में कोतवाल अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।


Next Story